स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत छातापुर प्रखंड कार्यालय परिसर में चला सफाई अभियान

WhatsApp Channel Join Now
स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत छातापुर प्रखंड कार्यालय परिसर में चला सफाई अभियान


सुपौल, 02 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के छातापुर प्रखंड के स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत शुक्रवार को छातापुर प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया।

बीडीओ डॉ. राकेश गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित अभियान के दौरान प्रखंड एवं अंचल कार्यालय के सभी भवनों, पूरे परिसर तथा परिसर के बाहरी हिस्सों की साफ-सफाई की गई।

अभियान में पदाधिकारी एवं कर्मियों के साथ स्थानीय गणमान्य लोगों, जनप्रतिनिधियों तथा मुख्यालय ग्राम पंचायत के सफाई कर्मियों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई।

इस दौरान बीडीओ सहित अन्य लोगों ने मास्क और ग्लव्स पहनकर झाड़ू लगाई तथा एकत्रित कचरे का उचित तरीके से निस्तारण किया।

इस अवसर पर बीडीओ डॉ. राकेश गुप्ता ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी अभियान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। आम लोगों को अपने घरों के आसपास साफ-सफाई रखने और यत्र-तत्र कचरा नहीं फैलाने के लिए जागरूक एवं प्रेरित करने की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन इसे सफल बनाने और इसके उद्देश्य की पूर्ति के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है।

उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। नियमित साफ-सफाई और लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता से ही स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण का निर्माण संभव है।

अभियान के दौरान सीओ रविराज कुमार, बीपीआरओ देश कुमार, बीपीएम रमाकांत मंडल, स्वच्छता समन्वयक नीतु कुमारी चौधरी, शालिग्राम पांडेय, केशव कुमार गुड्ड, गौरीशंकर भगत, मकशुद मसन, पवन कुमार हजारी, शेख नुरुद्दीन, मुन्ना सिंह, चंद्रदेव पासवान, स्वच्छता वाररूम इंचार्ज रूपेश कुमार, पर्यवेक्षक तमीजउद्दीन, ललिता देवी सहित अन्य लोग मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story