छपरा जंक्शन पर निकली स्वच्छता जागरूकता रैली
सारण, 20 जुलाई (हि.स.)। वाराणसी मंडल के मुख्य प्रचार निरीक्षक हिमांशु राव ने साेमवार काे प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से बताया कि वाराणसी मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के मार्गदर्शन एवं रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष व मुख्य कार्यकारी अधिकारी के निर्देशानुसार आज स्वच्छता से स्वागत अभियान के तहत वाराणसी मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इसी कड़ी में छपरा जंक्शन पर पर्यावरण एवं गृह व्यवस्था प्रबंधन विभाग के नेतृत्व में स्वच्छता कर्मियों और रेल कर्मचारियों द्वारा जागरूकता रैलियाँ निकाली गईं। रैली के ज़रिए यात्रियों एवं नागरिकों को रेलवे परिसर साफ-सुथरा रखने तथा स्वच्छता अपनाने का प्रभावी संदेश दिया गया।
अभियान के दौरान प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, प्रवेश-निकास द्वार और रेल कोचों में विशेष सफाई चलाई गई। उद्घोषणाओं व प्रत्यक्ष संवाद से यात्रियों को गीले व सूखे कचरे के लिए क्रमशः हरे और नीले डस्टबिन का उपयोग करने हेतु प्रेरित किया गया।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य स्टेशनों और ट्रेनों में स्वच्छता मानकों को बेहतर बनाना तथा यात्रियों को स्वच्छ एवं सुविधाजनक माहौल देना है। उच्च स्तर पर इस अभियान की नियमित निगरानी की जा रही है। रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया कि स्वच्छ रेलवे परिसर का निर्माण केवल जनसहयोग से ही संभव है, अतः सभी नागरिक इसमें अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

