नवगछिया के छठ घाटों पर सफाई अभियान शुरू, चूना और ब्लीचिंग पाउडर का हो रहा छिड़काव

WhatsApp Channel Join Now
नवगछिया के छठ घाटों पर सफाई अभियान शुरू, चूना और ब्लीचिंग पाउडर का हो रहा छिड़काव


भागलपुर, 02 नवंबर (हि.स.)। छठ महापर्व के मद्देनजर श्रद्धालुओं की सुविधा और घाटों पर स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नगर परिषद नवगछिया द्वारा विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया जा रहा है।

जिला पदाधिकारी, भागलपुर के निर्देश के आलोक में नगर परिषद की टीम विभिन्न छठ घाटों को दुरुस्त करने में जुट गई है। इसी क्रम में वार्ड संख्या-22 स्थित गोपाल गौशाला छठ घाट पर नगर परिषद नवगछिया की टीम द्वारा व्यापक साफ-सफाई कराई गई। घाट परिसर से कचरा हटाने के साथ-साथ शुद्धता और सुरक्षा के लिहाज से चूना एवं ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव भी किया गया है। नियमित जारी रहेगा स्वच्छता अभियान

कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद नवगछिया ने बताया कि जिला पदाधिकारी के सख्त निर्देशानुसार यह व्यापक स्वच्छता अभियान छठ महापर्व की समाप्ति तक निरंतर जारी रहेगा। इसके तहत सभी प्रमुख छठ घाटों तथा उनके आसपास के संपर्क पथों की नियमित साफ-सफाई की जाएगी। साथ ही संक्रमण से बचाव के लिए ब्लीचिंग पाउडर और चूने का छिड़काव तथा अन्य आवश्यक स्वच्छता संबंधी कार्य लगातार कराए जाएंगे। कार्यपालक पदाधिकारी ने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य छठव्रतियों एवं दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को एक स्वच्छ, सुरक्षित और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना है। घाटों को इस तरह तैयार किया जा रहा है ताकि सभी श्रद्धालु पूरी श्रद्धा, आस्था और भक्तिभाव के साथ महापर्व की पूजा-अर्चना संपन्न कर सकें। इसके लिए नगर परिषद की पूरी टीम मुस्तैदी से काम कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770820 Articles

Share this story