गांधी सरोवर में चला स्वच्छता व जल संरक्षण अभियान

WhatsApp Channel Join Now


सीवान, 22 फरवरी (हि.स.)।शहर के गांधी मैदान के समीप स्थित गांधी सरोवर में रविवार को संत निरंकारी मिशन द्वारा ‘प्रोजेक्ट अमृत’ के अंतर्गत व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। मिशन के सैकड़ों सेवादल सदस्यों ने सरोवर परिसर की विधिवत सफाई कर स्वच्छता और जल संरक्षण का संदेश दिया।

मिशन के स्थानीय संयोजक रमेश सिंह ने बताया कि परम श्रद्धेय सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के निर्देशानुसार यह अभियान देशभर के 1500 से अधिक स्थानों पर एक साथ आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य जल स्रोतों की सफाई के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना है।

ज्ञान प्रचारक विधाशंकर सिंह ने कहा कि बाबा हरदेव सिंह जी की प्रेरणादायी शिक्षाओं को आत्मसात करते हुए वर्ष 2023 में ‘प्रोजेक्ट अमृत’ की शुरुआत की गई थी। अभियान के चौथे चरण में नदियों, झीलों, तालाबों, कुओं और झरनों की सफाई कर “प्रदूषित पानी, जीवन की हानि” का संदेश समाज तक पहुंचाया जा रहा है।सफाई अभियान के उपरांत उसी स्थल पर निरंकारी सत्संग का आयोजन किया गया, जिसमें आत्मकल्याण और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में बच्चों ने अपने अभिभावकों के साथ जल संरक्षण से संबंधित प्रस्तुति देकर “जल बचाओ, कल बचाओ” का आह्वान किया।मौके पर तरवारा ब्रांच के मुखी राधा जी सहित मिशन के सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजकों ने कहा कि धरती को आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Share this story