छपरा में दो राजनीतिक गुटों के बीच झड़प

WhatsApp Channel Join Now

सारण, 24 मई (हि.स.)। शहर के भगवान बाजार थाना क्षेत्र के नई बाजार मोहल्ला में दो परिवारों के बीच हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते एक हिंसक झड़प में बदल गया। घटना के दौरान दोनों पक्षों की ओर से सड़क और छतों से जमकर ईंट-पत्थर बरसाए गए, जिससे पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया।

इस पथराव में दोनों पक्षों से लगभग एक दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं। सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित कर सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। घटना के पीछे का कारण बिजली की समस्या को बताया जा रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार जदयू अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के नेता मेराजुद्दीन खान उर्फ गुड्डू खान के सहयोगी द्वारा मोहल्ले में वेल्डिंग मशीन चलाई जाती है, जिससे अक्सर लो-वोल्टेज और बिजली कटने की समस्या होती थी। इसे लेकर दूसरे पक्ष के भाजपा नगर मंडल मध्य अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के नेता रिंकू खान और मोहल्ले के लोगों में नाराजगी थी।

बीते रात इसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ देर रात बिजली कटने के बाद हिंसक संघर्ष में तब्दील हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए भगवान बाजार थाना अध्यक्ष ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। दूसरी ओर वार्ड पार्षद उर्मिला देवी के प्रतिनिधि गुड्डू सिंह ने दोनों पक्षों से बातचीत की और काशी बाजार क्षेत्र के जूनियर इंजीनियर के सहयोग से बाधित बिजली आपूर्ति को दोबारा सुचारू करवाया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story