श्राद्ध भोज में कहासुनी के बाद दो पक्षों में खूनी संघर्ष, मुखिया समेत छह जख्मी; चार मायागंज रेफर

WhatsApp Channel Join Now
श्राद्ध भोज में कहासुनी के बाद दो पक्षों में खूनी संघर्ष, मुखिया समेत छह जख्मी; चार मायागंज रेफर


भागलपुर, 17 नवंबर (हि.स.)। जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के कोला नारायणपुर गांव में बीते देर रात एक श्राद्ध भोज के दौरान भोजन करने को लेकर हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया।

दो पक्षों के बीच जमकर हुई मारपीट में स्थानीय मुखिया समेत कुल छह लोग घायल हो गए हैं। इस घटना के बाद गांव में तनाव और अफरा-तफरी का माहौल है। मारपीट की इस घटना में दोनों पक्षों से तीन-तीन लोग जख्मी हुए हैं। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए जगदीशपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

मारपीट में घायलों में एक पक्ष से मुखिया भैरव यादव और इंदर यादव को गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल (मायागंज), भागलपुर रेफर कर दिया।

इसी पक्ष के घायल पवन यादव का इलाज जगदीशपुर स्वास्थ्य केंद्र में किया गया है। वहीं दूसरे पक्ष से गंभीर रूप से घायल विशाल यादव और जज्जन यादव को भी प्राथमिक उपचार के बाद मायागंज अस्पताल भेजा गया है। वहीं, घायल नीतू यादव का इलाज जगदीशपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।

घटना के संबंध में जगदीशपुर थानाध्यक्ष रामचंद्र सिंह ने बताया कि कोला नारायणपुर गांव में श्राद्ध भोज के दौरान दो पक्षों के बीच मारपीट होने और लोगों के घायल होने की जानकारी मिली है।

उन्होंने कहा कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से थाने में लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन प्राप्त होते ही मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778500 Articles

Share this story