कटैया अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों को मिल रहा बेहतर इलाज

WhatsApp Channel Join Now
कटैया अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों को मिल रहा बेहतर इलाज


सुपौल, 13 जून (हि.स.)। प्रखंड क्षेत्र के कटेया स्थित अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों को नियमित रूप से स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। केंद्र पर प्रतिदिन विभिन्न बीमारियों से पीड़ित लोग पहुंच रहे हैं, जहां उनकी जांच के साथ आवश्यक दवाएं और चिकित्सकीय परामर्श भी दिया जा रहा है।

इलाज कराने पहुंचे मरीज सुमन कुमार ने बताया कि चिकित्सकों ने उनकी स्वास्थ्य जांच करने के बाद आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराईं। वहीं उर्मिला देवी ने कहा कि उन्हें बुखार की शिकायत थी, जिसकी जांच कर डॉक्टर ने दवा दी और जरूरत पड़ने पर दोबारा जांच कराने की सलाह भी दी।चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजीव कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र में खुजली, बुखार, चोट, जलने और कटने जैसी सामान्य समस्याओं से पीड़ित मरीजों का समुचित उपचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अस्पताल आने वाले प्रत्येक मरीज की पहले जांच की जाती है और आवश्यकता के अनुसार दवाएं एवं चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया जाता है।

उन्होंने बताया कि लोगों को समय पर उपचार और बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए केंद्र लगातार सक्रिय है, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों को बेहतर चिकित्सा सेवा का लाभ उनके आसपास ही मिल सके।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story