सिंहवाड़ा में बिना लाइसेंस चल रहे अस्पतालों पर कार्रवाई के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
सिंहवाड़ा में बिना लाइसेंस चल रहे अस्पतालों पर कार्रवाई के निर्देश


दरभंगा, 21 अक्टूबर (हि.स.)। दरभंगा जिले के सिंहवाड़ा में सोमवार को सिविल सर्जन डॉ. अरुण कुमार के नेतृत्व में जांच टीम ने विभिन्न अस्पतालों, निजी क्लीनिकों और जांच घरों का निरीक्षण किया। टीम के पहुंचने की सूचना मिलते ही कई अस्पतालों के चिकित्सक एवं कर्मी गायब हो गए। वहीं, अधिकांश अस्पताल और निजी क्लीनिक बंद मिले। बिना निबंधन संचालित जांच घरों में भी ताला लटका मिला।

सिविल सर्जन ने गंगाराम हॉस्पिटल का निरीक्षण किया, जहां चिकित्सक और मरीज नहीं मिले। वहां केवल दो महिला कर्मी मौजूद थीं। अस्पताल प्रबंधन के राजीव ठाकुर ने बताया कि एनजीओ के माध्यम से अस्पताल का संचालन किया जा रहा है और स्थानीय स्तर पर निबंधन की प्रक्रिया जारी है। इस पर सिविल सर्जन ने लाइसेंस मिलने तक अस्पताल का संचालन बंद रखने का निर्देश दिया।

जांच टीम ने दरभंगा अल्ट्रासाउंड, भरवाड़ा स्थित न्यू अपोलो अस्पताल और एसए हेल्थ केयर का भी निरीक्षण किया। एसए हेल्थ केयर में दो चिकित्सक मौजूद मिले। संचालक ने निबंधन की प्रक्रिया जारी रहने की जानकारी दी। कागजात की जांच के बाद सिविल सर्जन ने 12 बेड वाले अस्पताल में अनिवार्य रूप से आईसीयू कक्ष की व्यवस्था अविलंब करने का निर्देश दिया। वहीं, तारा हॉस्पिटल में एक आयुष चिकित्सक मिले, लेकिन प्रबंधन आवश्यक कागजात उपलब्ध नहीं करा सका।

बिना लाइसेंस संचालन पर होगी कार्रवाई

सिविल सर्जन ने प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रेमचंद प्रसाद को बिना वैध लाइसेंस संचालित अस्पतालों, निजी क्लीनिकों और जांच घरों के विरुद्ध कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि वैध लाइसेंस के बिना स्वास्थ्य संस्थानों का संचालन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764601 Articles

Share this story