सुपौल में सिविल सर्जन का औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य संस्थानों की व्यवस्था सुधारने के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
सुपौल में सिविल सर्जन का औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य संस्थानों की व्यवस्था सुधारने के निर्देश


सुपौल, 31 अगस्त (हि.स.)। सिविल सर्जन बाबू साहब झा ने सोमवार को सरायगढ़-भपटियाही प्रखंड क्षेत्र में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चांदपीपर, राजकीय औषधालय लालगंज और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरायगढ़-भपटियाही का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन ने स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली।

उन्होंने कर्मियों की उपस्थिति पंजी की जांच करने के साथ अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की स्थिति का भी अवलोकन किया। मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं और स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन से संबंधित आवश्यक जानकारी संबंधित कर्मियों से प्राप्त की।सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरायगढ़-भपटियाही में उन्होंने बाह्य रोगी विभाग, आपातकालीन कक्ष, प्रयोगशाला और प्रसव कक्ष का निरीक्षण किया। इस दौरान जांच की सुविधा, मरीजों के उपचार तथा अन्य स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की जानकारी ली गई।

सिविल सर्जन ने स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिया कि सरकार की ओर से उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मरीजों को समय पर और सुचारु रूप से मिले। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन ने आंख एवं दंत चिकित्सा बाह्य रोगी विभाग का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं के बारे में जानकारी ली। इसके अलावा अस्पताल में आयोजित एमएनएम की साप्ताहिक बैठक में शामिल होकर स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की।

सिविल सर्जन ने संबंधित अधिकारियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को स्वास्थ्य संस्थानों की व्यवस्था बेहतर बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने अस्पतालों में नियमित साफ-सफाई, मरीजों को समय पर उपचार, बाह्य रोगी एवं आपातकालीन सेवाओं के सुचारु संचालन तथा जांच सुविधाओं को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर विशेष जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. चंद्रभूषण मंडल, स्वास्थ्य प्रबंधक प्रेमचंद रंजन, लेखा प्रबंधक राजीव रंजन मिश्रा, प्रखंड सामुदायिक उत्प्रेरक तपेश कुमार मंडल, लीलानंद सिंह, नेत्र सहायक रोशन कुमार, मनीष कुमार, शशि भूषण सिंह सहित कई स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। वहीं, बाह्य रोगी विभाग में डॉ. मोसिन रजा मरीजों का उपचार करते पाए गए।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story