बच्चों के विवाद ने लिया हिंसक रूप, सात घायल
सारण, 26 जून (हि.स.)। जिले में दाउदपुर थाना क्षेत्र के जैतपुर गांव में देर रात दो बच्चों के बीच हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। बच्चों की कहासुनी के बाद दोनों पक्षों के परिजन आपस में भिड़ गए। आरोप है कि एक पक्ष ने लाठी-डंडों से हमला कर दूसरे पक्ष के सात लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घटना के बाद परिजनों ने सभी घायलों को एकमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। वहां तैनात चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद तीन लोगों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, छपरा रेफर कर दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित पक्ष से आवेदन मिला है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

