बाल संरक्षण के 17 मुद्दों पर 144 आंगनवाड़ी सेविकाओं को दिया गया प्रशिक्षण

WhatsApp Channel Join Now
बाल संरक्षण के 17 मुद्दों पर 144 आंगनवाड़ी सेविकाओं को दिया गया प्रशिक्षण


सुपौल, 21 नवंबर (हि.स.)। बच्चों की सुरक्षा एवं उनके अधिकारों के संरक्षण को लेकर कवच परियोजना के अंतर्गत समग्र शिक्षण एवं विकास संस्थान, सुपौल की ओर से आंगनवाड़ी सेविकाओं के लिए दो दिवसीय प्रखंड स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शनिवार को संपन्न हुए इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में करीब 144 आंगनवाड़ी सेविकाओं ने भाग लिया।

प्रशिक्षण के दौरान बाल संरक्षण से जुड़े 17 प्रमुख मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रशिक्षक भगवान जी पाठक ने बाल विवाह, बाल मजदूरी, बाल व्यापार एवं भिक्षावृत्ति जैसी गंभीर सामाजिक समस्याओं की पहचान, रोकथाम, निगरानी तथा उनसे संबंधित आवश्यक कार्रवाई के बारे में प्रतिभागियों को जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि बच्चों के संरक्षण की जिम्मेदारी केवल किसी एक विभाग की नहीं, बल्कि पूरे समाज की है। इसमें आंगनवाड़ी सेविकाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। सेविकाएं अपने क्षेत्र में बच्चों की स्थिति पर नजर रखें और किसी भी तरह की असामान्य गतिविधि या बाल अधिकारों के उल्लंघन की जानकारी मिलने पर संबंधित विभाग को सूचित करें।

उन्होंने विशेष रूप से कहा कि यदि कोई बच्चा स्कूल नहीं जा रहा है तो इसे सामान्य बात नहीं समझना चाहिए, बल्कि इसके पीछे किसी समस्या या गड़बड़ी की आशंका मानते हुए सतर्कता बरतनी चाहिए। बाल विवाह पर शत-प्रतिशत रोक लगाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।

प्रशिक्षण में बच्चों के लिए सुरक्षित वातावरण तैयार करने, समुदाय के बीच जागरूकता बढ़ाने तथा बाल संरक्षण से संबंधित मामलों में समय पर हस्तक्षेप करने के उपायों पर भी चर्चा की गई। प्रतिभागियों को बताया गया कि आंगनवाड़ी सेविकाएं अपने कार्यक्षेत्र में बच्चों के अधिकारों की रक्षा करने और जोखिम की स्थिति में उनकी मदद करने में महत्वपूर्ण कड़ी हैं।

कार्यक्रम में जिला बाल संरक्षण इकाई के श्रवण कुमार, चाइल्डलाइन की प्रीति कुमारी, आईसीडीएस की महिला पर्यवेक्षिका खुशबू कुमारी एवं मंजुला कुमारी उपस्थित रहीं। वहीं कवच परियोजना की ओर से प्रकाश कुमार, विभास कुमार, नंदनी कुमारी, संगीता कुमारी, चंदन पाठक एवं नयन कुमार सिंह ने प्रशिक्षण कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाई।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781109 Articles

Share this story