सुरक्षित बचपन अभियान के पहले दिन जिले के 16 विद्यालयों में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
सुरक्षित बचपन अभियान के पहले दिन जिले के 16 विद्यालयों में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित


सुरक्षित बचपन अभियान के पहले दिन जिले के 16 विद्यालयों में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित


सुपौल, 26 अक्टूबर (हि.स.)। बच्चों के अधिकारों की रक्षा, उन्हें शोषण एवं उत्पीड़न से बचाने और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की परिकल्पना के तहत सोमवार को जिले में ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ की शुरुआत की गई।

अभियान के प्रथम दिन जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सुपौल की ओर से जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों के विद्यालयों में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष राजेश कुमार बच्चन के दिशा-निर्देश में आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को उनके कानूनी अधिकारों, बाल संरक्षण कानूनों और किसी भी प्रकार के शोषण की स्थिति में उपलब्ध सहायता के बारे में जानकारी दी गई।

अभियान के पहले दिन सुपौल, किशनपुर, पिपरा, सरायगढ़-भपटियाही और त्रिवेणीगंज प्रखंडों के 15 विद्यालयों के साथ वीरपुर स्थित सावित्री प्रभा आवासीय विद्यालय में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रमों में पैनल अधिवक्ताओं एवं पैरा लीगल वॉलंटियर्स ने भाग लेकर बच्चों को बाल सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। सुपौल प्रखंड की सुखपुर-सोलहनी पंचायत स्थित सीनियर सेकेंडरी प्लस टू स्कूल, कर्णपुर पंचायत के हाई मिडिल स्कूल तथा बसबिट्टी पंचायत के मध्य विद्यालय में कार्यक्रम आयोजित किए गए।

किशनपुर प्रखंड की राजपुर पंचायत के एमएस सिसौनी, यूएचएस सिसौनी और उर्दू यूएमएस मधुरा राजपुर में विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। इसी तरह पिपरा प्रखंड की पथरा दक्षिण पंचायत स्थित मध्य विद्यालय बगही तथा पथरा उत्तर पंचायत के मध्य विद्यालय पथरा और मध्य विद्यालय जवाहनिया में कार्यक्रम आयोजित हुए। सरायगढ़-भपटियाही प्रखंड की शाहपुर पृथ्वीपट्टी पंचायत स्थित एमएस रामनगर, एमएस शाहपुर प्लार और यूएमएस लक्ष्मीपुर-09 में भी बच्चों को विधिक जानकारी दी गई।

त्रिवेणीगंज प्रखंड की थलहा गढ़िया दक्षिण पंचायत स्थित हाई स्कूल त्रिवेणीगंज, कोरियापट्टी पश्चिम पंचायत के एचएसएस कोरियापट्टी सुपौल तथा कुशहा पंचायत के यूएचएस मचहा में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके अतिरिक्त वीरपुर के सावित्री प्रभा आवासीय विद्यालय में पैनल अधिवक्ताओं एवं पैरा लीगल वॉलंटियर्स ने विद्यार्थियों को बाल अधिकारों और संरक्षण से संबंधित जानकारी दी।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767119 Articles

Share this story