बाल विज्ञान कांग्रेस में सुपौल की दिव्यानी कुमारी ने मारी बाजी, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन

WhatsApp Channel Join Now
बाल विज्ञान कांग्रेस में सुपौल की दिव्यानी कुमारी ने मारी बाजी, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन


सुपौल, 14 अक्टूबर (हि.स.)। जिले की छात्रा दिव्यानी कुमारी ने विज्ञान के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।

32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस-2026 के तहत आयोजित जिला स्तरीय परियोजना प्रस्तुतिकरण कार्यशाला में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस के लिए किया गया है। दिव्यानी पिपरा प्रखंड के रामनगर स्थित अन्य पिछड़ा वर्ग कन्या आवासीय प्लस टू उच्च विद्यालय की नौवीं कक्षा की छात्रा हैं।

राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस का आयोजन 1 से 3 नवंबर 2026 तक माउंट लिट्रा पब्लिक स्कूल, बेगूसराय में किया जाएगा। यहां दिव्यानी अपनी वैज्ञानिक परियोजना और प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। इस वर्ष बाल विज्ञान कांग्रेस का मुख्य विषय निरंतरता के लिए विज्ञान एवं नवाचार'रखा गया है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित करना, स्थानीय समस्याओं की पहचान करना और उनके समाधान के लिए नवाचारपूर्ण परियोजनाएं तैयार करने के लिए प्रेरित करना है। बाल विज्ञान कांग्रेस के माध्यम से छात्र-छात्राओं को अपनी रचनात्मक क्षमता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है।

दिव्यानी कुमारी का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन विद्यालय के साथ-साथ जिले के लिए भी गौरव की बात है। उनकी इस सफलता से विद्यालय की अन्य छात्राओं को भी विज्ञान, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य स्तर तक पहुंचने वाली दिव्यानी से अब आगामी प्रतियोगिता में भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760782 Articles

Share this story