बाल विवाह एवं साइबर अपराध के खिलाफ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, छात्राओं और महिलाओं को दी कानूनी जानकारी

WhatsApp Channel Join Now
बाल विवाह एवं साइबर अपराध के खिलाफ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, छात्राओं और महिलाओं को दी कानूनी जानकारी


सुपौल, 27 नवंबर (हि.स.)। बाल विवाह, बाल एवं जबरन विवाह के उन्मूलन और बच्चों के अधिकारों की सुरक्षा को लेकर शुक्रवार, 27 नवंबर को सुपौल में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार राजेश कुमार बच्चन के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से छात्राओं एवं महिलाओं को बाल विवाह के दुष्परिणाम, कानूनी प्रावधान और साइबर अपराध से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।

इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से एसएसईवीएस एवं समाज कल्याण विभाग के समन्वय से बाबूजन बालिका उच्च विद्यालय, सुपौल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। वहीं, जीविका के सहयोग से दर्पण जीविका महिला विद्यालय, किशनपुर में भी कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं को जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में बाल विवाह से होने वाले सामाजिक, शारीरिक एवं मानसिक दुष्परिणामों पर विस्तार से चर्चा की गई। छात्राओं एवं महिलाओं को बताया गया कि बाल विवाह कानूनन निषिद्ध है तथा बच्चों के अधिकारों और उनके संरक्षण के लिए कई कानूनी प्रावधान मौजूद हैं। साथ ही, बच्चों को किसी भी प्रकार के शोषण, उत्पीड़न एवं असुरक्षित परिस्थितियों से बचाने के लिए जागरूक और सजग रहने की आवश्यकता पर बल दिया गया।

इस दौरान नालसा की चाइल्ड फ्रेंडली लीगल सर्विसेज फॉर चिल्ड्रेन एंड प्रोटेक्शन स्कीम 2024 के उद्देश्यों से भी प्रतिभागियों को अवगत कराया गया। बच्चों को उपलब्ध निःशुल्क विधिक सहायता, उनके अधिकारों की रक्षा तथा जरूरत पड़ने पर कानूनी सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में डिजिटल सुरक्षा को भी प्रमुखता दी गई। छात्राओं एवं महिलाओं को साइबर अपराध, ऑनलाइन धोखाधड़ी, डिजिटल ठगी, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा साइबर अपराधियों से बचने के तरीके बताए गए। अनजान लिंक पर क्लिक करने, ओटीपी साझा करने, फर्जी कॉल एवं ऑनलाइन प्रलोभनों से सावधान रहने और किसी भी साइबर घटना की स्थिति में तत्काल शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई।

आमजन एवं बच्चों की सहायता के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 और साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी वाले पोस्टर विद्यालयों के सूचना पट्टों पर प्रदर्शित किए गए। साथ ही राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल के संबंध में भी जानकारी उपलब्ध कराई गई, ताकि जरूरत पड़ने पर पीड़ित या प्रभावित व्यक्ति संबंधित सहायता माध्यमों तक पहुंच सकें।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बाल विवाह मुक्त समाज का निर्माण, बच्चों के अधिकारों एवं सुरक्षा का संरक्षण, महिलाओं को कानूनी रूप से जागरूक बनाना तथा डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति समाज में सतर्कता विकसित करना रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784351 Articles

Share this story