प्रशासन,एनजीओ और जनप्रतिनिधि के सहयोग से बाल विवाह हुआ नाकाम

WhatsApp Channel Join Now
प्रशासन,एनजीओ और जनप्रतिनिधि के सहयोग से बाल विवाह हुआ नाकाम


अररिया 08 अक्टूबर(हि.स.)। जिले के भरगामा प्रखंड के रघुनाथपुर उत्तर वार्ड संख्या आठ में एक नाबालिग बच्ची की शादी के प्रयास को विफल किया गया।प्रशासनिक अधिकारी,एनजीओ जागरण कल्याण भारती और पंचायत बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति के अध्यक्ष सह मुखिया के प्रयास से कच्चे उम्र में बच्ची की शादी के प्रयास को नाकाम किया गया। यह जानकारी गुरुवार काे फारबिसगंज एसडीओ अभय कुमार तिवारी ने दी।

एसडीओ ने बताया कि रघुनाथपुर उत्तर वार्ड संख्या आठ में एक नाबालिग बच्ची की शादी उसी वार्ड के भगवान ऋषिदेव से होने वाली थी,जिसकी सूचना बाल विवाह मुक्त को लेकर काम कर रही एनजीओ जागरण कल्याण भारती के संजय कुमार को दिया गया। संस्था के द्वारा फारबिसगंज एसडीओ,भरगामा बीडीओ और थानाध्यक्ष को होने वाली नाबालिग की शादी के रोकथाम के लिए जानकारी दी गई।

एसडीओ और संस्था के द्वारा रघुनाथपुर उत्तर पंचायत के बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति के अध्यक्ष सह मुखिया को भी इसकी सूचना दी,जिस पर मुखिया ने समिति की आपात बैठक बुलाकर लड़का और लड़की पक्ष के लोगों को बुलाया और कानून की जानकारी दी गई,जिसके बाद एक हजार रूपये के भारतीय गैर न्यायिक कागजात पर एक समझौता तैयार कर दोनों पक्षों के साथ मौजूद लोगों,एनजीओ प्रतिनिधि और अधिकारियों से हस्ताक्षर करवाकर शादी को रोका गया।

मुखिया के द्वारा इसकी जानकारी अररिया डीएम,फारबिसगंज एसडीओ,बाल संरक्षण इकाई के सहायक निदेशक,आईसीडीएस के डीपीओ,भरगामा के बीडीओ समेत अन्य अधिकारियों को भी दी गई।मामले में भरगामा थाना में सनहा संख्या 0005/2026 दर्ज किया गया है।

इस तरह प्रशासनिक अधिकारी,एनजीओ और जनप्रतिनिधि के त्वरित कार्रवाई से नाबालिग बच्ची की शादी के प्रयास को विफल करार दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story