बाल विवाह और नशा के खिलाफ जागरूकता अभियान, छात्र बने समाज के राजदूत

WhatsApp Channel Join Now
बाल विवाह और नशा के खिलाफ जागरूकता अभियान, छात्र बने समाज के राजदूत


कटिहार, 22 जुलाई (हि.स.)। जिला विधिक सेवा प्राधिकार, कटिहार के तत्वाधान में बुधवार को हरिशंकर नायक उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय के सभागार में बाल विवाह एवं नशा जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं को कानूनी प्रावधानों से अवगत कराते हुए इन गंभीर कुप्रथाओं के खिलाफ समाज में जागरूकता का प्रसार करना था।

कार्यक्रम के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सीनियर न्यायाधीश सह सचिव कमलेश कुमार देऊ ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए बाल विवाह के विरुद्ध समाज में व्यापक जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि बालक के लिए 21 वर्ष से पूर्व तथा बालिका के लिए 18 वर्ष से पूर्व विवाह करना कानूनी रूप से वैध नहीं है। इसके साथ ही, उन्होंने नेशनल लीगल सर्विसेज अथॉरिटी द्वारा संचालित नशाबंदी कार्यक्रम के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वहीं, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, कटिहार के मुख्य न्याय रक्षक विजय कुमार श्रीवास्तव ने भी बाल विवाह और नशा के खिलाफ सख्त कानूनी प्रावधानों से विद्यार्थियों को अवगत कराया।

जिला शिक्षा पदाधिकारी राहुल चन्द्र चौधरी ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि हम 18वीं शताब्दी से बाल विवाह जैसी कुरीतियों के खिलाफ लड़ रहे हैं, फिर भी समाज में ऐसी घटनाएं होना चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि हालांकि बिहार में शराबबंदी लागू है, लेकिन युवा वर्ग 'सूखे नशे' की चपेट में तेजी से आ रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे इन दोनों कुरीतियों के विरुद्ध समाज में 'राजदूत' की तरह कार्य करें।

विद्यालय की शिक्षिकाओं भारती कुमारी, सृष्टि कुमारी, तृप्ति कुमारी और प्रियंका ने छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए सलाह दी कि वे पहले अपना करियर बनाएं और उसके बाद ही विवाह के बारे में सोचें। उन्होंने अपील की कि यदि समाज में कहीं भी बाल विवाह की घटना की जानकारी मिले, तो तुरंत टोल-फ्री नंबर पर इसकी सूचना दें।

कार्यक्रम के अंत में तटवासी समाज न्यास संस्था के प्रतिनिधियों ने भी बाल विवाह और नशा जैसी कुप्रथाओं के खिलाफ अपने विचार रखे और संस्था द्वारा चलाए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। जिला विधिक सेवा प्राधिकार के इस प्रयास और छात्र-छात्राओं की सक्रिय भागीदारी के साथ यह संवाद कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story