मुख्य चुनाव आयुक्त देश के असली देशद्रोही, आंदोलनकारियों पर हो रहा अंग्रेजों जैसा बर्ताव: डॉ. चक्रपाणि हिमांशु

WhatsApp Channel Join Now
मुख्य चुनाव आयुक्त देश के असली देशद्रोही, आंदोलनकारियों पर हो रहा अंग्रेजों जैसा बर्ताव: डॉ. चक्रपाणि हिमांशु


भागलपुर, 02 अक्टूबर (हि.स.)। बिहार राज्य बाल श्रमिक आयोग के पूर्व अध्यक्ष और समतुल्य कैबिनेट मंत्री डॉ. चक्रपाणि हिमांशु ने केंद्र की मोदी सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर तीखा हमला बोला है।

गांधी जयंती के अवसर पर दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की गिरफ्तारी की मांग को लेकर चल रहे प्रदर्शन पर पुलिसिया कार्रवाई की निंदा करते हुए उन्होंने कहा कि मोदी-अमित शाह आंदोलनकारियों पर अंग्रेजों के शासन की तरह व्यवहार कर रहे हैं।

उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को देश का असली देशद्रोही करार दिया है। डॉ. हिमांशु ने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने वोट चोरी कर देश के 13 करोड़ 37 लाख वोटरों के नाम मतदाता सूची से काट दिए, जिसके चलते देश के पांच राज्यों में एनडीए की सरकार बनी।

उन्होंने इसे गैर-कानूनी बताते हुए लोकतंत्र की हत्या करार दिया और मांग की कि ज्ञानेश कुमार से तुरंत इस्तीफा लेकर उन पर आपराधिक मुकदमा चलाया जाना चाहिए।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि वर्ष 2014 के बाद ज्ञानेश कुमार के परिवार से 14-15 लोग आईएएस और आईपीएस बने हैं, जिसकी उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार येन-केन-प्रकारेण ज्ञानेश कुमार के चाल-चरित्र को बचाने में जुटी है, जिसके खिलाफ देश के युवाओं, छात्रों और नेताओं ने आंदोलन का शंखनाद कर दिया है।

पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रहे राजद सांसद मनोज झा, दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी, ज्ञानेंद्र यादव, आप सांसद संजय सिंह और आइसा नेत्री नेहा बोरा समेत हजारों आंदोलनकारियों को पुलिस द्वारा घसीटकर जबरन बसों में लादा गया। दिल्ली के मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश द्वार बंद कर दिए गए हैं, जिससे ऐसा प्रतीत होता है कि देश एक बार फिर 1974 के आपातकाल के दौर की ओर बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि अगर देश का मुख्य चुनाव आयुक्त निष्पक्ष नहीं होगा, तो चुनाव और लोकतंत्र दोनों ही सुरक्षित नहीं रहेंगे। डॉ. हिमांशु ने अन्य चुनाव आयुक्तों की सराहना करते हुए कहा कि तीन मुख्य चुनाव आयुक्तों में से ज्ञानेश कुमार को छोड़कर बाकी दो ने 'द इंडियन एक्सप्रेस' के मंच पर आकर उनके खिलाफ वोट चोरी का जो बयान दिया, वह काबिले-तारीफ है।

उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी-शाह वोट चोरी कर सरकार बनाते हैं। इसके साथ ही उन्होंने देश के 600 जिलों में खोले गए भाजपा कार्यालयों की भी जांच कराने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story