बिहार में सीवान जिले के बिंद टोली में चिकन पॉक्स का विस्फोट, हर घर में मरीज
सीवान, 29 जून (हि.स.)। बिहार में सीवान जिले के बड़हरिया प्रखंड के चौकीहसन पंचायत के वार्ड संख्या-11 स्थित बिंदटोली में चिकन पॉक्स (चेचक) ने भयावह रूप ले लिया है। करीब 25 से 30 घरों की इस छोटी-सी बस्ती में शायद ही कोई परिवार बचा हो, जहां संक्रमण ने दस्तक नहीं दी हो।
पिछले एक महीने से लगातार नए मरीज सामने आ रहे हैं। बच्चे, महिलाएं, युवा और बुजुर्ग सभी इसकी चपेट में हैं। तेज बुखार, शरीर पर दाने, खुजली और कमजोरी से लोग परेशान हैं, जबकि छोटे बच्चों के चेहरे पर पड़ रहे दाग अभिभावकों की चिंता बढ़ा रहे हैं।समाजसेवी रमाशंकर निषाद ने बताया कि पूरे टोले में दहशत का माहौल है। जागरूकता के अभाव में कई ग्रामीण अब भी इसे माता का प्रकोप मान रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि संक्रमण फैलने के बावजूद स्वास्थ्य विभाग की ओर से अब तक नियमित चिकित्सा शिविर, दवा वितरण और व्यापक निगरानी नहीं की गई है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़हरिया के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ प्रभात कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने के बाद प्रारंभिक टीम गांव भेजी गई थी। मंगलवार को चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम दोबारा बिंदटोली पहुंचकर मरीजों की जांच करेगी और आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराएगी। उन्होंने बताया कि चिकन पॉक्स संक्रामक बीमारी है। संक्रमित मरीजों को अलग रखना, साफ-सफाई बनाए रखना, दानों को न खुजलाना तथा पर्याप्त तरल पदार्थ और हल्का भोजन लेना जरूरी है।
ग्रामीणों के अनुसार रमाशंकर निषाद, वीरेंद्र बिंद, केशव बिंद, राजकुमार बिंद, नागेंद्र बिंद, अवधेश बिंद सहित कई परिवार संक्रमण से प्रभावित हैं। इस बीच स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि प्रभावित बस्ती में तत्काल डोर-टू-डोर सर्वे कराया जाना चाहिए। सर्वे के दौरान यह भी जांच हो कि संक्रमित बच्चों का नियमित टीकाकरण हुआ है या नहीं तथा कितने बच्चे जोखिम की श्रेणी में हैं। इससे संक्रमण की वास्तविक स्थिति का पता चल सकेगा। सूत्रों के अनुसार इस संभावित चिकन पॉक्स आउटब्रेक की सूचना अब तक स्थानीय स्तर से इंटीग्रेटेड हेल्थ इन्फॉर्मेशन प्लेटफॉर्म पर अपलोड नहीं की गई है। यदि समय रहते रिपोर्टिंग होती तो जिला, राज्य और रोग निगरानी तंत्र स्वतः अलर्ट हो जाता तथा विशेषज्ञ टीम, दवाओं और नियंत्रणात्मक उपायों में तेजी लाई जा सकती थी। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग से तत्काल विशेष मेडिकल कैंप, सर्वे और निगरानी अभियान शुरू करने की मांग की है।
डॉ श्रीनिवास प्रसाद, सिविल सर्जन,सीवान ने बतााय कि बड़हरिया में चिकन पॉक्स के आउट ब्रेक की जानकारी हमें नहीं है.अभी तुरंत संक्रमित गांव में मेडिकल टीम भेज कर लोगों की जांच कर दवा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है.
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

