'चिकन नेक' रेलखंड का डीपीआर तैयार, भारत-नेपाल मालगाड़ी के सफल संचालन से व्यापार को मिली नई मजबूती

WhatsApp Channel Join Now
'चिकन नेक' रेलखंड का डीपीआर तैयार, भारत-नेपाल मालगाड़ी के सफल संचालन से व्यापार को मिली नई मजबूती


कटिहार, 04 अगस्त (हि.स.)। कटिहार रेल मंडल में यात्री सुविधाओं के विस्तार और रेल संरचना के आधुनिकीकरण को तेजी से नई गति मिल रही है।

सावन के दौरान मनिहारी जाने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए रेल प्रशासन ने दो जोड़ी अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों का परिचालन शुरू कर दिया है, जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिली है। इसी कड़ी में अलुआबाड़ी रोड से न्यू जलपाईगुड़ी तक लगभग 34 किलोमीटर लंबे रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण चिकन नेक रेलखंड का डीपीआर तैयार कर लिया गया है, और स्वीकृति मिलते ही इसका निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

कटिहार मंडल रेल प्रबंधक किरेंद्र नरह ने बताया कि पूर्वोत्तर भारत को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाले इस महत्वपूर्ण रेलखंड के बनने से रेल परिचालन और अधिक सुरक्षित और सुगम हो जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने यह भी जानकारी दी कि भारत और नेपाल के बीच पहली सीधी मालगाड़ी का सफल परिचालन शुरू हो चुका है, जिससे सीमापार व्यापार को नया आयाम मिला है और कटिहार रेल मंडल की व्यावसायिक महत्ता में भी वृद्धि हुई है।

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत कटिहार रेल मंडल में कटिहार सहित कुल 19 चयनित स्टेशनों का विकास कार्य दो चरणों में तेजी से पूरा किया जा रहा है। इस पूरे प्रोजेक्ट को मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें पहले चरण का कार्य अंतिम दौर में है और स्टेशनों पर आधुनिक यात्री सुविधाओं, प्रतीक्षालय और परिसरों का सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। कटिहार रेल मंडल में एक साथ चल रही इन तमाम विकास परियोजनाओं की सफलता डीआरएम किरेंद्र नरह के कुशल नेतृत्व और बेहतर कार्ययोजना का परिणाम है। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सह पीआरओ अनूप कुमार सिंह भी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story