छात्राओं को महिला सुरक्षा के प्रति किया गया जागरूक
बक्सर, 14 अगस्त (हि.स.)। मिशन शक्ति योजना के अंतर्गत शुक्रवार को चाणक्य महाविद्यालय, सरेजा में वन स्टॉप सेंटर एवं जिला हब फॉर एंपावरमेंट की ओर से छात्राओं के लिए महिला सुरक्षा एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को महिला सुरक्षा, कानूनी अधिकारों और सरकार की विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी देना था।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को वन स्टॉप सेंटर, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, महिला हेल्पलाइन 181, पुलिस हेल्पलाइन 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 सहित हब की सेवाओं के बारे में विस्तार से बताया गया। घरेलू हिंसा, दहेज प्रताड़ना, साइबर अपराध, यौन शोषण, दुष्कर्म और एसिड अटैक जैसी घटनाओं की स्थिति में तत्काल उठाए जाने वाले कदमों की जानकारी भी दी गई।
वक्ताओं ने बताया कि सखी वन स्टॉप सेंटर महिलाओं को एक ही छत के नीचे मेडिकल, पुलिस, कानूनी, मनोवैज्ञानिक परामर्श और अस्थायी आश्रय सहित पांच प्रकार की निःशुल्क सहायता उपलब्ध कराता है। केंद्र 24 घंटे कार्यरत रहता है और सहायता प्राप्त करने के लिए एफआईआर की आवश्यकता नहीं है। पीड़ित महिला की पहचान भी गोपनीय रखी जाती है।
छात्राओं को आपात स्थिति में 181, 112 और 1098 पर संपर्क करने की अपील की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्राओं एवं शिक्षिकाओं ने भाग लिया। इस दौरान छात्राओं के बीच जागरूकता संबंधी पंपलेट भी वितरित किए गए। छात्राओं से अपील की गई कि वे चुप न रहें, डरें नहीं और हिंसा के खिलाफ आवाज उठाएं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra

