इंटर्नशिप के अंतिम दिन विद्यार्थियों ने किया सीताराम उपाध्याय संग्रहालय का शैक्षणिक भ्रमण
बक्सर, 20 अगस्त (हि.स.)।
महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय, बक्सर के स्नातकोत्तर इतिहास विभाग में प्रणव चटर्जी महाविद्यालय के स्नातक इतिहास विभाग के सेमेस्टर-5 के छात्र-छात्राओं के लिए चल रहे इंटर्नशिप कार्यक्रम का समीक्षा एवं समापन सत्र आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के अंतिम दिन विद्यार्थियों द्वारा इंटर्नशिप के दौरान किए गए कार्यों एवं तैयार किए गए प्रोजेक्ट की समीक्षा की गई। इसके उपरांत सभी छात्र-छात्राओं को सीताराम उपाध्याय संग्रहालय, बक्सर का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया।
संग्रहालय की निदेशिका सुधा सिंह ने विद्यार्थियों को संग्रहालय में संरक्षित पुरातात्विक सामग्रियों, ऐतिहासिक धरोहरों एवं बक्सर की समृद्ध ऐतिहासिक विरासत की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने पुरातात्विक स्रोतों के महत्व तथा उनके संरक्षण की आवश्यकता पर भी प्रकाश डाला।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) कृष्णा कान्त सिंह ने कहा कि इंटर्नशिप विद्यार्थियों के सैद्धांतिक ज्ञान को व्यावहारिक अनुभव से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इतिहास के विद्यार्थियों के लिए संग्रहालय एवं ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण विशेष रूप से उपयोगी है, क्योंकि इससे वे ऐतिहासिक स्रोतों को प्रत्यक्ष रूप से देखकर और समझकर अपने ज्ञान को समृद्ध कर सकते हैं।
स्नातकोत्तर इतिहास विभागाध्यक्ष डॉ. वीरेन्द्र कुमार एवं डॉ. नवीन शंकर पाठक ने इंटर्नशिप और प्रोजेक्ट कार्य के विभिन्न पहलुओं पर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय अध्ययन एवं स्रोत आधारित अनुसंधान विद्यार्थियों में इतिहास के प्रति वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करता है।
समापन अवसर पर विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम में विभाग के शिक्षक एवं कर्मचारी सहित कुल 144 छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra

