अमेरिका और जापान में गूंजी छठी मैया की महिमा: भागलपुर की बेटियों ने विदेशी धरती पर बिखेरी बिहारी संस्कृति की छटा

WhatsApp Channel Join Now
अमेरिका और जापान में गूंजी छठी मैया की महिमा: भागलपुर की बेटियों ने विदेशी धरती पर बिखेरी बिहारी संस्कृति की छटा


अमेरिका और जापान में गूंजी छठी मैया की महिमा: भागलपुर की बेटियों ने विदेशी धरती पर बिखेरी बिहारी संस्कृति की छटा


भागलपुर, 17 नवंबर (हि.स.)।

लोकआस्था, स्वच्छता और कठिन अनुशासन का महापर्व छठ अब सात समंदर पार भी अपनी भव्यता बिखेर रहा है। भागलपुर की दो बेटियों—एकता रंजन ने अमेरिका में और वर्तिका सरण ने जापान में—पूरी श्रद्धा व पारंपरिक बिहारी रीति-रिवाजों के साथ छठ महापर्व का आयोजन कर अपनी मिट्टी की खुशबू को विदेशों में महकाया है।

दोनों बहनों ने प्रवासी भारतीय समुदायों के साथ-साथ स्थानीय अमेरिकी और जापानी नागरिकों को भी इस महापर्व से जोड़ा। नहाय-खाय, खरना, संध्या अर्घ्य और उषा अर्घ्य तक के सभीअनुष्ठान पूर्णतः पारंपरिक विधि-विधान से संपन्न किए गए। पारंपरिक छठ गीतों और प्रसाद (ठेकुआ व ऋतुफल) से सजे सूप-दउरा ने विदेश में भी बिहार के गंगा घाटों जैसा आध्यात्मिक माहौल बना दिया।

आयोजन के दौरान एकता रंजन और वर्तिका सरण ने स्थानीय अमेरिकी व जापानी लोगों को बिहार के इस सर्वश्रेष्ठ पर्व की विशेषताओं से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि आज यह पर्व विश्व स्तर पर मनाया जाता है। इसकी सबसे बड़ी विशेषता इसका कठिन नियम-व्रत है, जिसमें परवैतिन (व्रती) करीब 37 से 38 घंटे तक बिना अन्न-जल ग्रहण किए निर्जला उपवास रखती हैं। अत्यंत पवित्रता और स्वच्छता के साथ भगवान सूर्य की उपासना कर संतान प्राप्ति, बच्चों के उज्ज्वल भविष्य तथा परिवार की सुख-शांति और समृद्धि का वर मांगा जाता है।

मान्यता है कि इस कठिन साधना से मनुष्य को मोक्ष की प्राप्ति होती है। दोनों बहनों ने विदेशी समुदायों को छठ की सामाजिक शक्ति के बारे में बताते हुए कहा कि यह पर्व बेहद अनुशासित है, जिसमें व्रतियों को हर कदम पर सचेत रहकर पूजा करनी होती है। छठी मैया की आस्था और इस पर्व की पवित्रता का प्रभाव इतना गहरा होता है कि इस दौरान समाज में किसी भी प्रकार की हिंसा, गंदगी या गलत कार्य नहीं होते हैं। असामाजिक तत्व भी पूरी तरह संयमित रहते हैं, जो इस महापर्व की अद्भुत शक्ति को प्रमाणित करता है। विदेश में रहकर भी अपनी संस्कृति को सहेजने की इस पहल की भागलपुर सहित पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778405 Articles

Share this story