छठ महापर्व पर घाटों पर सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए युद्धस्तर पर जुटा प्रशासन

WhatsApp Channel Join Now
छठ महापर्व पर घाटों पर सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए युद्धस्तर पर जुटा प्रशासन


भागलपुर, 13 नवंबर (हि.स.)। लोक आस्था के चार दिवसीय महापर्व छठ की शुरुआत शुक्रवार से 'नहाय-खाय' के पवित्र स्नान के साथ हो गई है। सुबह से ही भागलपुर शहर के बरारी, बूढ़ानाथ, जहाज घाट सहित सुल्तानगंज और कहलगांव के गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

हालांकि, गंगा के जलस्तर में कमी आने के बाद कई प्रमुख घाटों पर जमा गाद और दलदल ने पहले दिन स्नान करने पहुंचे व्रतियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। उधर, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन और नगर निगम ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। गंगा का जलस्तर घटने के कारण भागलपुर शहर, सुल्तानगंज और कहलगांव के कई निचले घाटों पर कीचड़ और फिसलन की स्थिति बनी हुई है।

नहाय-खाय के अवसर पर बरारी पुल घाट और आसपास के इलाकों में गंगा स्नान करने पहुंचे श्रद्धालुओं को दलदल से होकर गुजरना पड़ा। वहीं, दूसरी ओर शहर के ऐतिहासिक बूढ़ानाथ गंगा घाट पर 'अंग सेवा समिति' और नगर निगम के सहयोग से विशेष तैयारियां की जा रही हैं। यहां गंगा के पानी को स्वच्छ रखने के लिए चूना और फिटकरी का छिड़काव किया जा रहा है।

चंपा नदी घाट पर भी स्थानीय पूजा समिति द्वारा फिसलन रोकने के लिए बालू बिछाने, पेयजल और महिलाओं के लिए अस्थायी चेंजिंग रूम बनाने का काम तेजी से चल रहा है। मेयर डॉ. वसुंधरा लाल और नगर आयुक्त के निर्देश पर नगर निगम ने शहरी क्षेत्र के चिह्नित 60 प्रमुख छठ घाटों की सफाई और व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए शहर को 8 प्रमुख जोनों में बांटा है।

पूरे जिले में तैयार किए जा रहे 270 छठ घाटों और संपर्क पथों की सफाई के लिए कुल 3,115 मजदूरों को लगाया गया है। अकेले बूढ़ानाथ घाट पर 250, गंगा ब्रिज पर 200, मुशहरी और आदमपुर घाट पर 105-105 और बरारी लंच घाट पर 100 मजदूर कार्यरत हैं। जिन घाटों पर अधिक दलदल है, वहां जेसीबी से समतलीकरण के साथ-साथ बड़े पैमाने पर बालू के बोरे और पुआल बिछाए जा रहे हैं।

नगर आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि आगामी 14 नवंबर (खरना) तक सभी घाटों और संपर्क पथों की सफाई, बैरिकेडिंग और रोशनी की व्यवस्था हर हाल में पूरी कर ली जाए। खराब एलईडी और वेपर लाइटों को दुरुस्त करने के लिए रोशनी शाखा को अलर्ट पर रखा गया है।

वहीं प्रशासनिक तैयारियों को परखने के लिए जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने पदाधिकारियों की टीम के साथ एसडीआरएफ नाव पर सवार होकर गंगा के रास्ते विभिन्न घाटों का निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने सबौर के रजंदीपुर घाट से लेकर डीपीएस घाट, बरारी घाट, बूढ़ानाथ घाट और सड़क मार्ग से चंपानगर घाट तक की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776191 Articles

Share this story