एसएच-77 मुख्य मार्ग किनारे बेखौफ चोरों का धावा: छठ की सुबह 15 लाख के आभूषण व नकदी समेट हुए फरार
कटिहार, 16 नवंबर (हि.स.)। लोक आस्था के महापर्व छठ के समापन यानी सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के दौरान चोरों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। नवाबगंज चौक के समीप मुख्य सड़क एसएच-77 के किनारे स्थित 'के. राजा अंबानी टाइल्स' दुकान और उसके ऊपरी तल पर बने आवास का ग्रिल काटकर अज्ञात चोर करीब ढाई लाख रुपये नकद और लगभग 15 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। सुबह के समय मुख्य सड़क किनारे हुई इस घटना से स्थानीय व्यवसायियों और आम लोगों में दहशत का माहौल है।
पीड़ित दुकान संचालिका व छठ व्रती माला देवी ने बताया कि वे सोमवार सुबह करीब 4:30 बजे परिजनों के साथ अर्घ्य देने के लिए छठ घाट गई थीं। इसी का फायदा उठाते हुए सुबह करीब पांच बजे चार-पांच की संख्या में पहुंचे अज्ञात चोरों ने दुकान के आगे लगे ग्रिल का ताला काट दिया। अंदर घुसने के बाद चोरों ने पहले दुकान के काउंटर से नकदी निकाली और फिर पहली मंजिल स्थित आवास के कमरों को खंगाल डाला। चोरों ने गोदरेज, लॉकर, सूटकेस और बक्सों के ताले तोड़कर नकदी व आभूषण समेट लिए और पीछे के रास्ते से भाग निकले।
मुख्य सड़क किनारे दिन निकलने के समय हुई इस बेखौफ चोरी से स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्ती पर सवाल उठाए हैं। व्यवसायियों और ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले का शीघ्र उद्भेदन करने, चोरों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग की है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

