छठ महापर्व को लेकर डीएम ने रेलवे स्टेशन से रामरेखा घाट तक किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए निर्देश
बक्सर, 10 नवंबर (हि.स.)।
छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मंगलवार को जिला पदाधिकारी श्रीमती साहिला ने बक्सर रेलवे स्टेशन, रामरेखा घाट, बस स्टैंड एवं गोलंबर सहित विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
रेलवे स्टेशन के निरीक्षण के दौरान स्टेशन प्रबंधक एवं नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को नियमित छठ गीतों का प्रसारण, साफ-सफाई, रंग-रोगन, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, यात्रियों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क एवं तोरण द्वार लगाने का निर्देश दिया। साथ ही बाल सहायता केंद्र को क्रियाशील करने को कहा।
रामरेखा घाट पर साफ-सफाई, रंग-रोगन, प्रवेश एवं निकास मार्गों के चिह्नांकन, फ्लैक्स-बैनर लगाने तथा लेजर शो की व्यवस्था समय पर पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने घाट को मॉडल घाट के रूप में विकसित करने और भीड़ नियंत्रण के लिए आवागमन मार्गों पर स्पष्ट पथ चिह्न लगाने पर जोर दिया। बस स्टैंड एवं गोलंबर में भी साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, तोरण द्वार और छठ गीतों के नियमित प्रसारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। डीएम ने घाटों तक जाने वाले रास्तों को सुगम एवं सुरक्षित बनाने के साथ पेयजल, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra

