डबल डेकर पुल निर्माण में देरी पर छपरा विधायक ने शून्यकाल में उठाया मुद्दा
सारण, 22 जुलाई (हि.स.)। छपरा विधानसभा की विधायक छोटी कुमारी ने बिहार विधानसभा के शून्यकाल के दौरान शहर में निर्माणाधीन डबल डेकर पुल में हो रही अत्यधिक देरी का मामला उठाया। विधायक छोटी कुमारी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि उन्होंने सदन के माध्यम से सरकार का ध्यान आकृष्ट कराया कि 4 वर्ष में पूरी होने वाली यह परियोजना 8 वर्ष बीत जाने के बाद भी अधूरी है।
विधायक ने सदन में दुख जताते हुए कहा कि पूर्व के सत्रों में इस मामले को उठाने के बावजूद लंबे समय से जारी निर्माण और खुदी हुई सड़कों के कारण हजारों व्यापारियों का कारोबार ठप हो गया है। कई दुकानदार कर्ज और आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। साथ ही स्थानीय नागरिक प्रतिदिन भीषण जाम और धूल-प्रदूषण झेलने को मजबूर हैं।
विधायक ने मांग की कि निर्माण कार्य युद्धस्तर पर जल्द पूरा किया जाए, देरी के लिए जिम्मेदार एजेंसी पर कार्रवाई हो और प्रभावित दुकानदारों को उचित मुआवजा दिया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब इस कार्य में और विलंब स्वीकार्य नहीं है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

