छठ व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को दिया अर्घ्य

WhatsApp Channel Join Now
छठ व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को दिया अर्घ्य


भागलपुर, 24 मार्च (हि.स.)। चैती छठ के तीसरे दिन मंगलवार को व्रतियों ने अस्ताचलगामी (डूबते) सूर्य को हर्षोल्लास के साथ संध्या अर्घ्य दिया। गंगा घाटों और घरों में छठी मैया के गीतों के बीच, व्रतियों ने पानी में खड़े होकर सुख-समृद्धि के लिए पूजा की। इस दौरान ठेकुआ और फलों का प्रसाद अर्पित किया गया। लोक आस्था के महापर्व चैती छठ को लेकर भागलपुर के विभिन्न गंगा घाटों पर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। व्रती महिलाओं ने पूरे विधि-विधान के साथ डूबते सूर्य की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की लंबी आयु की कामना की।

घाटों पर भक्ति और आस्था का अनोखा संगम देखने को मिला। वहीं पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखा। सभी प्रमुख छठ घाटों पर आपदा मित्रों की तैनाती की गई थी, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। इसके अलावा सुरक्षा के मद्देनज़र पुलिस बल और स्वयंसेवकों की भी तैनाती रही। व्रतियों ने कमर तक पानी में खड़े होकर डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया, जो पारिवारिक समृद्धि और निष्ठा का प्रतीक है। पूजा के लिए बांस की सूप में ठेकुआ, मौसमी फल, गन्ना, नारियल और कसार का उपयोग किया गया। बुधवार की सुबह उदीयमान (उगते) सूर्य को अर्घ्य देकर चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story