छठ पर्व से पहले सड़कों की मरम्मत पूरी करने का डीएम ने दिया निर्देश, गुणवत्ता से समझौता नहीं करने की हिदायत
सुपौल, 07 नवंबर (हि.स.)। छठ महापर्व को देखते हुए जिले में सड़क मरम्मत एवं निर्माण कार्यों को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। इसको लेकर शनिवार को समाहरणालय में जिलाधिकारी सावन कुमार की अध्यक्षता में ग्रामीण कार्य विभाग एवं पथ निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में ग्रामीण कार्य विभाग के कार्य प्रमंडल सुपौल, त्रिवेणीगंज एवं वीरपुर सहित पथ निर्माण विभाग द्वारा कराए जा रहे विभिन्न सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अभियंताओं को निर्देश दिया कि छठ पर्व से पहले सभी आवश्यक सड़कों की मरम्मत का कार्य हर हाल में पूरा कर लिया जाए, ताकि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सड़क मरम्मत एवं निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अभियंताओं को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में नियमित रूप से सड़कों का निरीक्षण करने तथा खराब एवं जर्जर सड़कों को चिह्नित कर तत्काल मरम्मत कराने को कहा।
उन्होंने कहा कि छठ महापर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आवागमन होता है। ऐसे में सड़कों की बेहतर स्थिति सुनिश्चित करना संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है। प्रशासन का प्रयास है कि पर्व के दौरान लोगों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिले। बैठक में संबंधित विभागों के अभियंता एवं पदाधिकारी उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

