छातापुर में श्रीगणेश चतुर्थी पूजा की तैयारी जोर-शोर से शुरू
सुपौल, 02 सितंबर (हि.स.)। छातापुर में श्रीगणेश चतुर्थी पूजा महोत्सव को लेकर तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं।
सार्वजनिक दुर्गा मंदिर परिसर में पांच दिवसीय गणेश पूजा महोत्सव आयोजित करने को लेकर सार्वजनिक गणेश पूजा समिति के सदस्यों एवं स्थानीय युवाओं में खासा उत्साह है। पूजा समिति के सदस्य गुंजन भगत ने बताया कि इस वर्ष पूजा महोत्सव में भगवान श्रीगणेश की विशाल प्रतिमा स्थापित की जाएगी।
श्रद्धालुओं के बीच 51 हजार लड्डुओं का भोग प्रसाद के रूप में अर्पित किया जाएगा। पूजा स्थल सार्वजनिक दुर्गा मंदिर परिसर के साथ-साथ पूरे बाजार को आकर्षक ढंग से सजाया जाएगा। इसके लिए भव्य पूजा पंडाल का निर्माण, रोड लाइट एवं जगह-जगह आकर्षक विद्युत सजावट की जाएगी।
उन्होंने बताया कि पूजा महोत्सव 14 या 15 सितंबर से शुरू होगा। आयोजन की तिथि को लेकर पूजा समिति के सदस्यों की बैठक में अंतिम निर्णय लिया जाएगा, जिसके बाद इसकी औपचारिक घोषणा की जाएगी।
आयोजन की तैयारी को लेकर रविवार देर शाम पूजा समिति की बैठक भी हुई। बैठक में पूर्व से गठित पूजा समिति के पदाधिकारियों को पुनः जिम्मेदारी सौंपी गई। संतोष कुमार रजक को अध्यक्ष, रविकांत रवि को उपाध्यक्ष सह सचिव तथा नीरज कुमार को कोषाध्यक्ष बनाया गया।
समिति के सदस्यों ने बताया कि स्थानीय युवा पिछले कई वर्षों से पूरे उत्साह एवं धूमधाम के साथ गणेश पूजा महोत्सव का आयोजन करते आ रहे हैं। इस वर्ष भी आयोजन को लेकर युवाओं में खासा उत्साह है और पूजा महोत्सव को सफल बनाने के लिए सभी अपने स्तर से योगदान देने को तत्पर हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

