चकिया मदरसा में छापेमारी,विदेशी पिस्टल बरामद,तीन संदिग्ध हिरासत मेंं

WhatsApp Channel Join Now
चकिया मदरसा में छापेमारी,विदेशी पिस्टल बरामद,तीन संदिग्ध हिरासत मेंं


-मदरसा किया गया सील

पूर्वी चंपारण,05 अप्रैल (हि.स.)।एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर जिला पुलिस की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए चकिया थाना क्षेत्र के गवंदरा स्थित मदरसा में छापेमारी की है।

उक्त कारवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से एक पिस्टल बरामद किया है। मिली जानकारी के अनुसार मदरसा से किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बनाई जा रही थी।

पुलिस के अनुसार मदरसा परिसर से साजिश के कुछ सुराग मिले है,जिसको लेकर अग्रतर कारवाई जारी है।पुलिस ने छापेमारी के दौरान तीन लोगों को भी हिरासत में लिया है और जिनसे गहन पूछताछ की जा रही है। वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वाड की टीम को भी घटनास्थल के लिए रवाना किया गया है। फिलहाल मदरसा को सील कर दिया गया है और पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

उल्लेखनीय है, कि चकिया थाना क्षेत्र का यह वही मदरसा है, जहां से पहले पीएफआई से जुड़े सदस्य उस्मान उर्फ सुल्तान उर्फ याकूब को चकिया पुलिस और एसटीएफ ने गिरफ्तार किया था। पीएफआई के सदस्य याकूब खान ने सोशल मीडिया में अयोध्या राममंदिर के विरोध में विवादित पोस्ट किया था। उसने अयोध्या में राम मंदिर की जगह बाबरी मस्जिद बनाने की बात सोशल मीडिया में कही थी। जिसके बाद उसे इसी मदरसा से गिरफ्तार किया गया था।

एनआईए की जांच में यह सामने आया कि वह पीएफआई के स्लीपर सेल के लिए काम कर रहा था,साथ ही उसने पीएफआई के प्रशिक्षण शिविर में भी हिस्सा लिया था। फिलहाल पुलिस कई एंगल से मदरसा की भूमिका की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / आनंद कुमार

Share this story