मिथिला में बाढ़ के स्थायी समाधान को केंद्र की पहल तेज, 943.81 करोड़ से 48 परियोजनाएं स्वीकृत : सांसद
दरभंगा, 12 जुलाई (हि.स.)।
दरभंगा सहित पूरे मिथिला क्षेत्र में बाढ़ की समस्या के स्थायी समाधान के लिए केंद्र सरकार ने व्यापक स्तर पर कार्य शुरू कर दिया है। बाढ़ प्रबंधन, जलजमाव वाले क्षेत्रों से जलनिकासी, जलवायु प्रतिरोधी जल अवसंरचना के निर्माण एवं रखरखाव के लिए केंद्र सरकार द्वारा पर्याप्त राशि उपलब्ध कराई गई है।
स्थानीय सांसद एवं लोकसभा में भाजपा के सचेतक डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री राजभूषण चौधरी के पत्र का हवाला देते हुए बताया कि उन्होंने 22 मार्च 2026 को दरभंगा जिले में हर वर्ष आने वाली बाढ़, जलजमाव और जलनिकासी की समस्या के स्थायी समाधान के लिए केंद्रीय मंत्री को पत्र सौंपकर ठोस कार्रवाई का आग्रह किया था।
सांसद ने बताया कि केंद्रीय मंत्री ने सूचित किया है कि बाढ़ प्रबंधन एवं सीमावर्ती क्षेत्र कार्यक्रम के तहत बिहार के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों, जिनमें दरभंगा भी शामिल है, के लिए कुल 48 परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई है। इन परियोजनाओं के लिए केंद्र सरकार ने 943.81 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की है। इनमें 43 परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं, जबकि चार परियोजनाओं पर कार्य प्रगति पर है।
उन्होंने कहा कि दरभंगा जिले में कोसी, कमला, बलान, अधवारा समूह की नदियों तथा नेपाल से छोड़े जाने वाले पानी के कारण हर वर्ष उत्पन्न होने वाली बाढ़ की चुनौती से निपटने के लिए वैज्ञानिक एवं दीर्घकालिक रणनीति अपनाई जा रही है।
सांसद ने बताया कि मिथिला क्षेत्र के दरभंगा, मधुबनी और समस्तीपुर जिलों में विभिन्न स्थानों पर बाढ़ निगरानी एवं जलस्तर मापन स्टेशन भी स्थापित किए गए हैं। इनके माध्यम से बाढ़ की पूर्व सूचना, संभावित खतरे की निगरानी तथा जल संसाधनों के बेहतर प्रबंधन में सहायता मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि ये योजनाएं भविष्य में बाढ़ नियंत्रण के साथ-साथ सिंचाई एवं जल संसाधन विकास के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण साबित होंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

