केंद्रीय विद्यालय बक्सर में विद्यालय प्रबंधन समिति की पहली बैठक, शैक्षणिक गुणवत्ता और आधारभूत सुविधाओं पर जोर
बक्सर, 19 अगस्त (हि.स.)। केंद्रीय विद्यालय बक्सर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 की विद्यालय प्रबंधन समिति (वीएमसी) की पहली बैठक उप विकास आयुक्त एवं समिति की अध्यक्ष निहारिका छवि की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, विद्यार्थियों की उपलब्धियों, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में सीबीएसई कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा के परिणामों की समीक्षा करते हुए विद्यार्थियों के शैक्षणिक प्रदर्शन को और बेहतर बनाने के लिए आगामी रणनीति तैयार करने पर विचार-विमर्श हुआ। साथ ही शिक्षा, खेल, कला-संस्कृति एवं अन्य गतिविधियों में विद्यार्थियों द्वारा हासिल की गई। उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर प्रोत्साहित करने पर बल दिया गया।
विद्यालय की अवसंरचनात्मक आवश्यकताओं पर विशेष चर्चा करते हुए विद्यार्थियों के लिए अस्थायी कक्षों की व्यवस्था, कर्मचारियों के लिए आवश्यक शौचालय निर्माण तथा विद्यालय के मुख्य द्वार के समीप सुरक्षित फुटपाथ विकसित करने जैसे प्रस्तावों को प्राथमिकता देने पर सहमति बनी।
बैठक में राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी)-2020 के अनुरूप विज्ञान शिक्षा को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से विज्ञान प्रयोगशाला के संसाधनों के साझा उपयोग (रिसोर्स शेयरिंग) के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। समिति ने कहा कि इससे उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग होगा और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण प्रयोगात्मक एवं व्यावहारिक शिक्षा का लाभ मिलेगा।
बैठक के अंत में अध्यक्ष निहारिका छवि ने विद्यालय के समग्र विकास के लिए सभी सदस्यों से समन्वित प्रयास करने का आह्वान किया और कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना समिति की प्राथमिकता होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra

