सारण में स्वास्थ्य सेवाओं की सच्चाई जानने छपरा पहुंची केंद्रीय एक्सपोर्ट टीम
सारण, 19 मई (हि.स.)। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत और विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करने के लिए केंद्रीय एक्सपर्ट एडवाइजरी ग्रुप की छह सदस्यीय टीम तीन दिवसीय दौरे पर छपरा पहुंची है। टीम ने अपने दौरे के पहले दिन सदर अस्पताल छपरा और शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मासूमगंज का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
सदर अस्पताल पहुंची केंद्रीय टीम ने सबसे पहले एमसीएच वार्ड का रुख किया। इस दौरान टीम के सदस्यों ने रजिस्ट्रेशन काउंटर, दवा वितरण केंद्र, कमांड एंड कंट्रोल रूम, एसएनसीयू, प्रसव कक्ष और टीकाकरण कक्ष का बारीकी से अवलोकन किया। टीम ने जिले में कालाजार और फाइलेरिया उन्मूलन की दिशा में किए जा रहे कार्यों पर विशेष ध्यान दिया। उन्होंने मरीजों की लाइन लिस्ट, एमएमडीपी क्लिनिक तथा एमएमडीपी किट की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की गहन समीक्षा की।
एक्सपर्ट टीम लीडर डॉ. सुनीता सिंह ने स्वास्थ्य कर्मियों से सीधे बातचीत कर मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं और योजनाओं के संचालन की जानकारी ली। इसके बाद टीम ने शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मासूमगंज का रुख किया, जहां टीकाकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं सहित उपलब्ध संसाधनों और सेवाओं की गुणवत्ता को परखा गया।
टीम अगले दो दिनों में अनुमंडलीय अस्पताल सोनपुर, आयुष्मान आरोग्य मंदिर शाहपुर, अमनौर सीएचसी और सितलपुरडीह दिघवारा का दौरा करेगी। साथ ही, बस्ती जलाल गांव में आशा, जीविका, आंगनबाड़ी सेविकाओं और जनप्रतिनिधियों के साथ फाइलेरिया पीड़ितों से मुलाकात कर स्वास्थ्य सुविधाओं की पड़ताल करेगी। इस निरीक्षण के दौरान अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. कृष्ण मोहन दुबे, अस्पताल प्रबंधक, पीयूष सिंह सहित कई स्वास्थ्य अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

