मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा के केन्द्र चयन को लेकर चयन समिति की बैठक

WhatsApp Channel Join Now
मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा के केन्द्र चयन को लेकर चयन समिति की बैठक


अररिया 31 अक्टूबर(हि.स.)। डीएम विनोद दूहन की अध्यक्षता में मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्रों के चयन के संबंध में शनिवार को परीक्षा केंद्र चयन समिति की बैठक हुई।

बैठक में आगामी परीक्षा के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन को लेकर परीक्षा केंद्रों के चयन तथा वहां उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की गई। इस दौरान सभी चयनित परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में बेंच-डेस्क, पेयजल, बिजली सहित अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष दिशा निर्देश दिया गया।

बैठक में जानकारी दी गई कि अररिया जिले में मैट्रिक वार्षिक परीक्षा के लिए कुल 44 परीक्षा केंद्र तथा इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा के लिए कुल 45 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं।

इन परीक्षा केंद्रों पर मैट्रिक परीक्षा में कुल 33,096 तथा इंटरमीडिएट परीक्षा में कुल 28,770 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। इस प्रकार दोनों परीक्षाओं में जिले के कुल 61,866 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे।

जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाएं समय से सुनिश्चित की जाएं। साथ ही परीक्षा के दौरान स्वच्छता, अनुशासन एवं विधि-व्यवस्था का विशेष ध्यान रखते हुए स्वच्छ, शांतिपूर्ण एवं पूर्णतः कदाचारमुक्त वातावरण में परीक्षा संपन्न कराने हेतु सभी आवश्यक तैयारियां ससमय पूर्ण करें।

बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770048 Articles

Share this story