समस्तीपुर में डिजिटल महाअभियान का शंखनाद
समस्तीपुर, 09 अप्रैल (हि.स.)। समस्तीपुर समाहरणालय स्थित सभागार में जिलाधिकारी-सह-प्रधान जनगणना अधिकारी की अध्यक्षता में जनगणना 2027 की तैयारियों को लेकर एक विस्तृत समीक्षा बैठक संपन्न हुई।
बैठक में प्रशासन ने स्पष्ट किया कि आगामी जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि डिजिटल भारत की दिशा में एक बड़ा कदम है।
इस बैठक में जिले के सभी वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों, चार्ज अधिकारियों , प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को जनगणना के बहुआयामी अवयवों पर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए।
जनगणना 2027 के प्रमुख स्तंभ और विस्तृत कार्ययोजना
1. द्वि-चरणीय गणना प्रक्रिया
बैठक में जानकारी दी गई कि जनगणना दो मुख्य चरणों में पूरी की जाएगी:
प्रथम चरण (मकान सूचीकरण): इसमें प्रत्येक भवन और मकान की विशिष्ट पहचान की जाएगी। साथ ही, परिवार के जीवन स्तर से जुड़े 34 महत्वपूर्ण सवाल पूछे जाएंगे, जैसे- मकान की बनावट, पेयजल के स्रोत, और अन्य भौतिक संसाधन।
द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना): इसमें प्रत्येक व्यक्ति का जनसांख्यिकीय विवरण जैसे- आयु, वैवाहिक स्थिति, साक्षरता और व्यवसाय का डेटा एकत्र किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / त्रिलोकनाथ उपाध्याय

