जनगणना 2027: कटिहार में द्वितीय चरण का जिला स्तरीय प्रशिक्षण शुरू, 16 नवंबर से मिलेगी ‘स्व-गणना’ की सुविधा

WhatsApp Channel Join Now
जनगणना 2027: कटिहार में द्वितीय चरण का जिला स्तरीय प्रशिक्षण शुरू, 16 नवंबर से मिलेगी ‘स्व-गणना’ की सुविधा


कटिहार, 30 अक्टूबर (हि.स.)। पहली डिजिटल जनगणना (जनगणना 2027) के द्वितीय चरण यानी ‘जनसंख्या गणना’ को लेकर शुक्रवार को कटिहार में जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत हुई। विकास भवन स्थित डीआरडीए सभागार में जिला पदाधिकारी-सह-प्रधान जनगणना अधिकारी की अध्यक्षता में प्रारंभ हुआ यह सघन प्रशिक्षण आगामी 4 नवंबर तक तीन अलग-अलग बैचों में संचालित किया जाएगा।

प्रथम बैच के प्रशिक्षण सत्र को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने सभी चार्ज पदाधिकारियों को शत-प्रतिशत शुद्ध, पारदर्शी एवं समयबद्ध गणना सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय महत्व के इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, इसलिए सभी अधिकारी तकनीकी प्रक्रियाओं को पूरी गंभीरता से समझें।

मोबाइल ऐप और पोर्टल पर विशेष फोकस

राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर आकाश कुमार एवं सुबोध कुमार द्वारा अधिकारियों को सीएमएमएस पोर्टल और जनसंख्या गणना मोबाइल ऐप के संचालन का गहन प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस दौरान गणना ब्लॉक के गठन, संक्षिप्त मकान सूची के मिलान तथा प्रपत्र में शामिल 1 से 40 तक के सभी प्रश्नों को भरने की बारीकियों से अवगत कराया गया। भारत के महापंजीयक के दिशा-निर्देशों के अनुरूप धर्म, जाति, मातृभाषा, दिव्यांगता, प्रवास एवं प्रजनन क्षमता से जुड़े संवेदनशील प्रश्नों को निष्पक्षता और सही तकनीक से पूछने पर विशेष जोर दिया गया।

16 से 30 नवंबर तक आम नागरिक खुद दर्ज कर सकेंगे विवरण

प्रशिक्षण में बताया गया कि आजादी के बाद देश की 8वीं और कुल 16वीं जनगणना को आधुनिक स्वरूप दिया गया है। आम नागरिकों की सुविधा के लिए 16 से 30 नवंबर 2026 तक 'स्व-गणना' का विकल्प उपलब्ध रहेगा, जहां नागरिक स्वयं अपना विवरण ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद शेष लोगों के लिए प्रगणक घर-घर जाकर डिजिटल माध्यम से गणना पूरी करेंगे।

प्रशिक्षण सत्र में अपर समाहर्ता-सह-जिला जनगणना अधिकारी, कटिहार नगर आयुक्त, कटिहार, बारसोई एवं मनिहारी के अनुमंडल पदाधिकारी, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी, जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) तथा नगर पंचायतों के कार्यपालक पदाधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769323 Articles

Share this story