सीवान में जनगणना 2027 का पहला चरण शुरू, 31 मई तक चलेगा मकान सूचीकरण
सीवान, 02 मई (हि.स.)। जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य शनिवार से पूरे जिले में प्रारंभ हो गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी सह प्रधान गणना पदाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय द्वारा किया गया। यह अभियान 31 मई 2026 तक संचालित किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक प्रक्रिया है, जिसके माध्यम से सामाजिक, आर्थिक एवं जनसांख्यिकीय आंकड़े एकत्र किए जाते हैं। इन आंकड़ों के आधार पर सरकार द्वारा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का निर्माण किया जाता है। उन्होंने जिले के नागरिकों से अपील की कि प्रगणकों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि सटीक आंकड़े प्राप्त हो सकें। साथ ही, जिन्होंने पूर्व में ऑनलाइन स्वगणना की है, वे प्रगणक को अपनी स्वगणना पहचान संख्या अवश्य उपलब्ध कराएं।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि एकत्र की जाने वाली सभी जानकारियां पूर्णतः गोपनीय रखी जाएंगी तथा इनका उपयोग किसी प्रकार के कर निर्धारण या आरटीआई के लिए नहीं किया जाएगा।अभियान के तहत 2 से 4 मई तक विशेष रूप से सभी भवनों पर क्रम संख्या अंकित की जाएगी। इसके बाद प्रगणक घर-घर जाकर कुल 33 बिंदुओं पर जानकारी संकलित करेंगे। इसमें मकान की संरचना एवं उपयोग, परिवार के सदस्यों की संख्या, सामाजिक वर्ग, उपलब्ध सुविधाएं जैसे पेयजल, बिजली, शौचालय, रसोई, ईंधन आदि तथा टीवी, मोबाइल, इंटरनेट, वाहन सहित अन्य संपत्तियों से संबंधित जानकारी शामिल होगी।
जिला पदाधिकारी ने बताया कि इस कार्य के लिए नियुक्त सभी प्रगणक एवं पर्यवेक्षक अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहेंगे। उन्हें नियुक्ति पत्र, फोटोयुक्त पहचान पत्र एवं क्षेत्रीय नक्शे उपलब्ध करा दिए गए हैं। नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि वे प्रगणकों का सहयोग करें और किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी से बचें, ताकि जनगणना का कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

