जनगणना-2027 के द्वितीय चरण हेतु मास्टर प्रशिक्षकों का प्रशिक्षण संपन्न

WhatsApp Channel Join Now
जनगणना-2027 के द्वितीय चरण हेतु मास्टर प्रशिक्षकों का प्रशिक्षण संपन्न


पटना, 27 नवंबर (हि.स.)। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण अर्थात् जनसंख्या परिगणना की तैयारियों के अंतर्गत बिहार लोक प्रशासन एवं ग्रामीण विकास संस्थान, फुलवारी शरीफ, पटना में निदेशक रंजिता के मार्गदर्शन में मास्टर प्रशिक्षकों के चारों बैचों का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

प्रथम एवं द्वितीय बैच का प्रशिक्षण 18 से 21 नवंबर तथा तृतीय एवं चतुर्थ बैच का प्रशिक्षण 23 से 26 नवंबर 2026 तक आयोजित किया गया। इसमें जनगणना कार्य निदेशालय, बिहार के 52 अधिकारियों तथा राज्य के सभी जिलों से नामित 108 पदाधिकारियों सहित कुल 160 प्रतिभागियों को राष्ट्रीय प्रशिक्षकों द्वारा प्रशिक्षित किया गया।

प्रशिक्षण के दौरान जनसंख्या परिगणना की प्रक्रिया, दिशा-निर्देशों, कार्यप्रणाली तथा जनसंख्या परिगणना मोबाइल ऐप के उपयोग संबंधी विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही, 3–4 सदस्यों के समूहों में माइक्रो-टीचिंग का अभ्यास कराया गया।

प्रशिक्षण के अंतिम दिवस बिहार लोक प्रशासन एवं ग्रामीण विकास संस्थान, गया में फील्ड विजिट के दौरान बिलोप्रग्रावि संस्थान कॉलोनी, सत्संग कॉलोनी, काजीचक एवं महाराणा प्रताप कॉलोनी के आसपास प्रत्येक मास्टर प्रशिक्षक ने 2–3 परिवारों से संपर्क कर पीई मोबाईल ऐप के माध्यम से आंकड़ों की प्रविष्टि का व्यावहारिक अभ्यास किया। इस दौरान नागरिकों में जनगणना के प्रति उत्साह देखा गया।

भारत के महारजिस्ट्रार एवं जनगणना आयुक्त के कार्यालय के संयुक्त निदेशक रमेश कुमार ने राष्ट्रीय प्रशिक्षकों हेमंत कुमार, अरुण मुंडा एवं निरंजन कुमार की उपस्थिति में प्रशिक्षण सत्रों का अवलोकन किया तथा प्रभावी प्रशिक्षण एवं गुणवत्तापूर्ण आंकड़ा संग्रह पर बल दिया।

प्रशिक्षित मास्टर प्रशिक्षकों द्वारा 29 नवंबर से 12 दिसंबर 2026 तक जिला स्तर पर फील्ड प्रशिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद दिसंबर 2026 के अंतिम सप्ताह से जनवरी 2027 के प्रथम सप्ताह तक प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित किया जाएगा। यह पहल जनगणना-2027 के सफल, सटीक, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध क्रियान्वयन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784351 Articles

Share this story