सीमेंट कारखाना कर्मी की धारदार हथियार से हत्या

WhatsApp Channel Join Now
सीमेंट कारखाना कर्मी की धारदार हथियार से हत्या


सीमेंट कारखाना कर्मी की धारदार हथियार से हत्या


डेहरी आन सोन, 8 जुलाई (हिस)| बिहार के रोहतास जिले के रोहतास थाना क्षेत्र के बकनौरा गांव में मंगलवार देर रात एक सीमेंट कारखाना कर्मी की धारदार हथियार से हत्या कर दी गईl

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान बकनौरा निवासी 41 वर्षीय ददन यादव के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

ददन यादव बंजारी स्थित डालमिया भारत सीमेंट फैक्ट्री में कार्यरत थे। बीते रात लगभग 10 बजे ड्यूटी समाप्त होने के बाद वे अपनी टीवीएस मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान गांव के पास भुअरा जाने वाली सड़क पर पैक्स गोदाम के समीप अज्ञात हमलावरों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

सुबह लकड़ी बेचने जा रहे ग्रामीणों की नजर सड़क किनारे पड़े शव पर पड़ी। इसके बाद आसपास के लोगों को सूचना दी गई और देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। घटना की खबर पूरे गांव में आग की तरह फैल गई।

सूचना मिलने पर रोहतास थाना अध्यक्ष ललन कुमार एवं डेहरी के एसडीपीओ-2 राजू रंजन कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने हर पहलू से शव का निरीक्षण कर फोटोग्राफी की।

घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। इधर घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने डेहरी रोहतास एनएच 119 को जामकर घटना की उच्च स्तरीय जांच एवं दोषियों की तत्काल पहचान कर गिरफ्तारी की मांग की।

घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। पत्नी ललिता देवी और दो नाबालिग पुत्र, रौशन कुमार 16 वर्ष और विशाल कुमार 15 वर्ष का रो रो कर बुरा हाल है। परिवार के अनुसार ददन ही घर के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनकी हत्या से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

थानाध्यक्ष ललन कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। फॉरेंसिक रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र मिश्रा

Share this story