बांकीपुर उपचुनाव में जन सुराज की ऐतिहासिक जीत पर पूर्णिया में जश्न

WhatsApp Channel Join Now
बांकीपुर उपचुनाव में जन सुराज की ऐतिहासिक जीत पर पूर्णिया में जश्न


बांकीपुर उपचुनाव में जन सुराज की ऐतिहासिक जीत पर पूर्णिया में जश्न


पूर्णिया, 03 अगस्त (हि.स.)। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर की ऐतिहासिक जीत पर सोमवार को पूर्णिया स्थित जन सुराज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह पूर्णिया के पूर्व सांसद उदय सिंह के मधुबनी आवास पर पार्टी कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने उत्साहपूर्वक जश्न मनाया।

इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर, ढोल-नगाड़ों के साथ खुशी का इज़हार किया तथा जीत का उत्सव मनाया। बड़ी संख्या में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने इसे बिहार की राजनीति में सकारात्मक बदलाव की दिशा में एक महत्वपूर्ण जनादेश बताया।

इस अवसर पर जन सुराज पार्टी के पूर्णिया जिला अध्यक्ष डॉ. कृष्ण मोहन ने कहा कि बांकीपुर की जनता ने जाति और परंपरागत राजनीति से ऊपर उठकर विकास, ईमानदार राजनीति और व्यवस्था परिवर्तन के पक्ष में अपना स्पष्ट जनादेश दिया है। उन्होंने कहा कि यह जीत केवल एक विधानसभा सीट की जीत नहीं है, बल्कि बिहार की जनता के बदलते विश्वास और नई राजनीतिक सोच का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि जन सुराज पार्टी जनता के मुद्दों—बेहतर शिक्षा, गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ, रोजगार, किसानों के हित और भ्रष्टाचार मुक्त शासन—को लेकर लगातार संघर्ष करती रहेगी।

बाँकीपुर की यह जीत कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने वाली है और आने वाले समय में पूरे बिहार में जन सुराज के अभियान को नई गति देगी।

डॉ. कृष्ण मोहन ने बाँकीपुर की जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जनादेश जन सुराज के प्रति लोगों के बढ़ते विश्वास का प्रमाण है।

उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से जनता के बीच रहकर संगठन को और मजबूत बनाने तथा जनहित के मुद्दों पर निरंतर कार्य करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने प्रशांत किशोर को ऐतिहासिक जीत की बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि जन सुराज बिहार में एक मजबूत और सकारात्मक राजनीतिक विकल्प के रूप में आगे बढ़ेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नंदकिशोर सिंह

Share this story