वित्तीय अनियमितता के मामले में सीडीपीओ निलंबित

WhatsApp Channel Join Now
वित्तीय अनियमितता के मामले में सीडीपीओ निलंबित


वित्तीय अनियमितता के मामले में सीडीपीओ निलंबित


किशनगंज, 29 नवंबर (हि.स.)। बाल विकास परियोजना कार्यालय( आईसीडीएस), किशनगंज में कथित वित्तीय अनियमितताओं के मामले में समाज कल्याण विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है।

विभाग ने बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (सीडीपीओ) नागेंद्र कुमार को निलंबित कर दिया है, जबकि कार्यालय सहायक नावेद आलम को विभाग से निष्कासित कर दिया गया है।

इस कार्रवाई के बाद विभागीय महकमे में हलचल मच गई है। मामले में कोचाधामन विधायक सरवर आलम की शिकायत और बिहार विधानसभा में लगातार सवाल उठाए जाने के बाद विभागीय जांच शुरू की गई थी।

विधायक ने इस मामले को पिछले विधानसभा सत्र में भी प्रमुखता से उठाते हुए दोषियों की जवाबदेही तय करने और कार्रवाई की मांग की थी। कुछ महीने पहले किशनगंज आईसीडीएस कार्यालय से जुड़ा एक ऑडियो-वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।

इसमें कार्यालय सहायक नावेद आलम और एक सेविका के बीच कथित तौर पर रुपये के लेनदेन को लेकर बातचीत सामने आई थी। इसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया और विभागीय स्तर पर जांच कराई गई। जानकारी के अनुसार, एडीएम स्तर से मामले की जांच की गई। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर सीडीपीओ और कार्यालय सहायक के विरुद्ध कार्रवाई का निर्णय लिया गया। आईसीडीएस की जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (डीपीओ) वंदना पांडे ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि सीडीपीओ नागेंद्र कुमार को निलंबित किया गया है, जबकि कार्यालय सहायक नावेद आलम को विभाग से निष्कासित कर दिया गया है।

उल्लेखनीय है कि बिहार विधानसभा का अगला सत्र शुरू होने से एक दिन पहले कार्यालय सहायक के निष्कासन की कार्रवाई सामने आई है। हालांकि, विभाग ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि कार्रवाई का समय विधानसभा सत्र से जुड़ा है या जांच पूरी होने के बाद नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत निर्णय लिया गया है।

इस कार्रवाई के बाद अब सवाल उठने लगे हैं कि क्या जांच और कार्रवाई का दायरा केवल दो कर्मियों तक सीमित रहेगा या आईसीडीएस कार्यालय में कथित वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल होगी। विभाग की ओर से आगे की कार्रवाई के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785172 Articles

Share this story