सीबीएसई परीक्षा में प्रखर का कमाल, 91 प्रतिशत अंक लाकर बढ़ाया जिले का मान
गोपालगंज, 17 अप्रैल (हि.स.)।जिले के लिए गौरव की खबर है। जिला मत्स्य पदाधिकारी अविलंब नारायण मिश्र एवं मिथिला पेंटिंग के क्षेत्र में कई पुरस्कार प्राप्त कर चुकीं अर्चना मिश्र के पुत्र प्रखर मिश्रा ने सीबीएसई हाई स्कूल परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर परिवार और जिले का नाम रोशन किया है।
प्रखर मिश्रा ने परीक्षा में 91 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। उन्हें कुल 500 अंकों में 400 अंक मिले हैं। इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद परिवार में खुशी का माहौल है, वहीं शुभचिंतकों और परिचितों द्वारा लगातार बधाई दी जा रही है।
प्रखर ने अपनी मेहनत, अनुशासन और लगन के दम पर यह सफलता अर्जित की है। बताया जाता है कि वह शुरू से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर रहे हैं और नियमित अध्ययन को प्राथमिकता देते रहे हैं। परीक्षा परिणाम घोषित होते ही उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। प्रखर की माता अर्चना मिश्र मिथिला पेंटिंग के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान रखती हैं और कई सम्मान प्राप्त कर चुकी हैं।
पिता अविलंब नारायण मिश्र प्रशासनिक सेवा में रहते हुए जिले में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं। ऐसे परिवार से आने वाले प्रखर ने शिक्षा के क्षेत्र में उपलब्धि हासिल कर नई मिसाल पेश की है। जिले के कई अधिकारियों, शिक्षकों और गणमान्य लोगों ने प्रखर मिश्रा को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। लोगों ने कहा कि यह सफलता जिले के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा बनेगी।
प्रखर की इस उपलब्धि से यह साबित हुआ है कि मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण से बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है। अब परिवार और शुभचिंतकों को उम्मीद है कि वह आगे भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / Akhilanand Mishra

