जमुई यौन उत्पीड़न पीड़िता की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा करने का मामला: राजद ने मुख्यमंत्री के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की मांग की
भागलपुर, 28 सितंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को बिहार राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के अध्यक्ष डॉ. अमरदीप और महिला आयोग की अध्यक्ष अप्सरा से मुलाकात की।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री द्वारा जमुई यौन उत्पीड़न मामले की नाबालिग पीड़िता की तस्वीर अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल्स पर सार्वजनिक किए जाने के विरोध में एक ज्ञापन सौंपा और उनके खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
सौंपे गए ज्ञापन में राजद ने आरोप लगाया है कि मुख्यमंत्री जैसे जिम्मेदार और संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति द्वारा खुलेआम कानून का मखौल उड़ाया गया है। जमुई जिले की एक नाबालिग पीड़िता की पहचान उजागर करने के बावजूद बिहार पुलिस और संबंधित कानून नियामक एजेंसियों ने अब तक इस पर कोई संज्ञान या कार्रवाई नहीं की है।
ज्ञापन में सवाल उठाया गया कि यदि शीर्ष पदों पर बैठे लोग ही इस तरह कानून का उल्लंघन करेंगे, तो इस संवेदनशील कानून का क्या औचित्य रह जाएगा? राजद ने इस बात पर भी गहरा आश्चर्य और रोष व्यक्त किया कि पूरे देश में इस कृत्य की आलोचना होने के बाद भी मुख्यमंत्री ने अब तक इस पर कोई खेद प्रकट नहीं किया है और न ही माफी मांगी है।
ज्ञापन में उच्चतम न्यायालय के 'निपुण सक्सेना बनाम भारत संघ' (रिट याचिका संख्या 565/2012, आदेश दिनांक 05.12.2018) के ऐतिहासिक फैसले का हवाला दिया गया। इस आदेश के तहत सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि किसी भी यौन उत्पीड़न या पॉक्सो एक्ट की पीड़िता का नाम, पता, फोटो या ऐसी कोई भी जानकारी जिससे उसकी पहचान उजागर हो सकती हो, किसी भी मीडिया या सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रकाशित नहीं की जा सकती। ऐसा करने पर कानूनी कार्रवाई का स्पष्ट प्रावधान है।
आयोग के अध्यक्ष ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और आश्वस्त किया कि आयोग इस संवेदनशील मामले पर विचार करेगा और नियमानुसार आवश्यक कदम उठाएगा। प्रतिनिधिमंडल में पूर्व विधायक डॉ. अनवर आलम, पूर्व विधायक डॉ. एज्या यादव, डॉ. चक्रपाणि हिमांशु, मदन शर्मा, चित्तरंजन गगन और निर्भय अम्बेडकर शामिल थे। महिला आयोग से मिलने वाले दल में मधु मंजरी, श्रीमती आभा लता, प्रो. गीता यादव, रबिया खातुन, श्रीमती सुनीता कुशवाहा, श्रीमती विजय लक्ष्मी, श्रीमती प्रभावती देवी मांझी और सुश्री अर्चना कुमारी शामिल थीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

