तीन साल बाद हत्या में तब्दील हुआ विचाराधीन बंदी की मौत का मामला, अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज

WhatsApp Channel Join Now
तीन साल बाद हत्या में तब्दील हुआ विचाराधीन बंदी की मौत का मामला, अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज


किशनगंज। शहर के लाइन मस्जिद चौक निवासी एक विचाराधीन बंदी उबैद आलम की इलाज के दौरान हुई मौत का मामला करीब तीन साल बाद हत्या में तब्दील हो गया है। 25 अक्टूबर 2023 को भागलपुर स्थित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जेएलएनएमसीएच) में इलाज के दौरान उनकी मौत हुई थी। उस समय पुलिस ने मामले को अप्राकृतिक मृत्यु (यूडी केस) मानते हुए जांच शुरू की थी। हालांकि, हालिया पुलिस समीक्षा और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आए तथ्यों के बाद अब इस मामले में हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है।

मामले में सामने आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। चिकित्सकीय रिपोर्ट के अनुसार, उबैद आलम के शरीर पर मृत्यु से पूर्व चोट के निशान पाए गए थे। उनकी छाती, पेट और दाहिने कूल्हे पर चोट के निशान होने की पुष्टि हुई है। रिपोर्ट में इन चोटों के कारण अत्यधिक रक्तस्राव और सदमे से मौत होने की बात सामने आई है। इन तथ्यों के आधार पर मामले की दोबारा समीक्षा की गई। सदर अंचल कार्यालय की समीक्षात्मक टिप्पणी के बाद पूर्व में दर्ज अप्राकृतिक मृत्यु के मामले को हत्या में परिवर्तित करने का आदेश दिया गया। प्राप्त आदेश के आलोक में सोमवार को किशनगंज सदर थाने में अज्ञात लोगों के विरुद्ध हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई। इस संबंध में कांड संख्या 1271/26 दर्ज किया गया है। पहले जिस मौत को अप्राकृतिक मानकर जांच की जा रही थी, अब उसे हत्या के नजरिये से देखा जा रहा है।मामले के हत्या में तब्दील होने के बाद पुलिस के सामने कई अहम सवाल हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि न्यायिक हिरासत के दौरान उबैद आलम को इतनी गंभीर चोटें कैसे लगीं और उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस अब चोट लगने के कारणों, घटना के समय मौजूद लोगों और इसके लिए जिम्मेदार व्यक्तियों का पता लगाने में जुट गई है। किशनगंज सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि सदर थाना में हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782862 Articles

Share this story