कार्गो और फेरी सेवा से भारी वाहन करेंगे गंगा पार, तीन घाटों को किया गया चिन्हित

WhatsApp Channel Join Now
कार्गो और फेरी सेवा से भारी वाहन करेंगे गंगा पार, तीन घाटों को किया गया चिन्हित


भागलपुर, 13 मई (हि.स.)। जिलाधिकारी के निर्देश पर तीन निजी कंपनियों की गंगा घाटों के बीच फेरी और कार्गो सेवा संचालन की अस्थायी अनुमति प्रदान की गई है। जिसमें 18 चक्का तक के वाहनों के परिचालन का रास्ता साफ हो गया है।

प्रशासन के अनुसार कन्हैया लॉजिस्टिक को बाबूपुर घाट सबौर से महादेवपुर गंगा घाट तक संचालन की अनुमति दी गई है। जहाज सेवा शुरू होने से भारी वाहनों के साथ-साथ आम यात्रियों को भी कम समय में सुरक्षित यात्रा का लाभ मिलेगा। लोगों को समय की बचत होगी और परिवहन व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

जल परिवहन सेवा शुरू होने से भागलपुर में विकास की नई संभावना भी खुलेगी। व्यापार परिवहन और रोजगार के क्षेत्र में इसका सकारात्मक असर देखने को मिल सकता है। फेरी सेवा एवं कार्गो सेवा के संचालन के लिए दर निर्धारित कर दिया गया है। जिला प्रशासन का मानना है की दर तय होने से यात्रियों और आवश्यक वस्तुओं के परिवहन में पारदर्शिता आएगी तथा व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सकेगी। विशेष रूप से खाद्य साम्रगी, दवा, दूध, सब्जी एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं को आपूर्ति बाधित नहीं हो इसके लिए कार्गो सेवा को जल्द शुरू करने पर बल दिया गया।

जहाज सेवा शुरू होने से गंगा के इस पार से उस पार के बीच आवागमन में काफी सहूलियत मिलेगी। खास बात यह होगी की बड़ी मालवाहक ट्रक बस और अन्य भारी वाहन भी आसानी से गंगा पार कर सकेंगे। इससे लोगों को कम समय में सुरक्षित यात्रा का विकल्प मिलेगा। सूर्यास्त के बाद जलाशय के संचालन पर रोक रहेगी। इसी को लेकर बाबूपुर घाट पर सदर एसडीएम विकास कुमार, सीटी डीएसपी 1 अजय कुमार चौधरी एवं कई वरीय पदाधिकारी के द्वारा निरीक्षण कर नाविकों तथा ग्रामीण को कई आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान सबौर प्रखंड के आपदा मित्र, डॉक्टर और नर्स मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story