पुलिस को देख भागने लगी कार, तलाशी में मिला 214 लीटर विदेशी शराब, दो तस्कर गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
पुलिस को देख भागने लगी कार, तलाशी में मिला 214 लीटर विदेशी शराब, दो तस्कर गिरफ्तार


किशनगंज, 30 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोचाधामन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 214.335 लीटर अवैध विदेशी शराब के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। तस्कर शराब की खेप को कार में छिपाकर ले जा रहे थे। पुलिस ने शराब के साथ कार को भी जब्त कर लिया है। गिरफ्तार दोनों आरोपित मधेपुरा जिले के रहने वाले हैं।

पुलिस की ओर से शुक्रवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर जिले में अवैध शराब एवं मादक पदार्थों के विरुद्ध लगातार वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार की शाम कोचाधामन थाना क्षेत्र के धनपुरा पिकेट के पास संध्या गश्ती के दौरान पुलिस वाहन जांच कर रही थी। इसी बीच किशनगंज की ओर से तेज रफ्तार में आ रही सफेद रंग की i-20 कार पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगी। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए कार को रोक लिया और उसकी तलाशी ली।

तलाशी के दौरान कार के पिछले हिस्से में छिपाकर रखी गई पश्चिम बंगाल निर्मित विभिन्न ब्रांडों की कुल 214.335 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने कार सवार दोनों व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपिताें की पहचान राहुल कुमार, निवासी सुंदरपट्टी, जिला मधेपुरा तथा मो. सदरे, निवासी भरखोरा बाजार, थाना मुरलीगंज, जिला मधेपुरा के रूप में हुई है।

इस मामले में कोचाधामन थाना 29 अक्टूबर 2026 काे मामला दर्ज किया गया था। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर शराब तस्करी के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज का पता लगा रही है।

पुलिस के अनुसार, तस्करी के इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अवैध कारोबार से अर्जित संपत्ति का पता लगाकर नियमानुसार जब्ती की कार्रवाई की जाएगी। छापेमारी दल में कोचाधामन थानाध्यक्ष इजहार आलम, धनपुरा पिकेट प्रभारी प्रदीप कुमार सहित पुलिसकर्मी राजू कुमार, राजेश कुमार एवं दीपक राज शामिल थे।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769323 Articles

Share this story