शराब तस्करी की कार ने ऑटो में मारी जोरदार टक्कर, 10 से अधिक यात्री घायल

WhatsApp Channel Join Now
शराब तस्करी की कार ने ऑटो में मारी जोरदार टक्कर, 10 से अधिक यात्री घायल


किशनगंज, 06 नवंबर (हि.स.)। सदर थाना क्षेत्र के लहरा चौक के पास गुरुवार देर रात अवैध विदेशी शराब से लदी तेज रफ्तार कार ने एक यात्री ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो पर सवार 10 से 12 यात्री घायल हो गए।

दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंची सदर थाना पुलिस ने डायल 112 की मदद से सभी घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज कराया गया। इस दौरान दुर्घटनाग्रस्त कार से 320 लीटर विदेशी शराब और बीयर बरामद की गई।

पुलिस ने मौके से मोतीबाग निवासी तस्लीम को गिरफ्तार किया है, जबकि कार में सवार उसका एक अन्य साथी वाहन छोड़कर फरार हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार, उत्पाद विभाग की टीम गुरुवार देर रात मस्तान चौक के पास वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान विदेशी शराब से लदी कार को देखकर चालक ने पकड़े जाने के डर से वाहन घुमा दिया और तेज रफ्तार में लहरा चौक की ओर भागने लगा। भागने के क्रम में कार चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और सामने से आ रहे यात्री ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई और कई लोग घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार की तलाशी ली तो उसकी डिक्की और सीटों के नीचे छिपाकर रखी गई विभिन्न ब्रांडों की विदेशी शराब और बीयर बरामद हुई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शराब पश्चिम बंगाल के धरमपुर से लाकर खपाने की तैयारी थी। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने बताया कि मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच करते हुए विधि सम्मत कार्रवाई कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773520 Articles

Share this story