कायाकल्प अभियान की योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करें : डीडीसी
सुपौल, 13 अक्टूबर (हि.स.)। उप विकास आयुक्त इंद्रवीर कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को कायाकल्प अभियान के तहत संचालित होने वाली योजनाओं की समीक्षा एवं क्रियान्वयन को लेकर बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अभियान के तहत योजनाओं के चयन, पोर्टल पर प्रविष्टि और कार्य शुरू कराने से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। इस दौरान डीडीसी ने सभी संबंधित विभागों के जिला स्तरीय नोडल पदाधिकारियों को कायाकल्प अभियान के तहत योजनाओं का चयन कर पोर्टल पर उनकी प्रविष्टि सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि चयनित योजनाओं की तकनीकी स्वीकृति (टीएस) और प्रशासनिक स्वीकृति (एएस) से संबंधित सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर कार्य शुरू कराया जाए।
डीडीसी ने योजनाओं के क्रियान्वयन में निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन करने तथा सभी कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया।
उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि अभियान के तहत चयनित योजनाओं का क्रियान्वयन निर्धारित समय सीमा में हो सके।
बैठक में डीआरडीए (एनईपी) के निदेशक, सुपौल जिले के सभी नगर परिषद एवं नगर पंचायतों के कार्यपालक पदाधिकारी, अपर पंचायत राज पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

