निर्मली में ‘नशा मुक्त युवा’ थीम पर नेबरहुड यूथ पार्लियामेंट आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
निर्मली में ‘नशा मुक्त युवा’ थीम पर नेबरहुड यूथ पार्लियामेंट आयोजित


निर्मली में ‘नशा मुक्त युवा’ थीम पर नेबरहुड यूथ पार्लियामेंट आयोजित


सुपौल, 24 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के निर्मली स्थित एचपीएस कॉलेज में शनिवार को युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में ‘नेबरहुड यूथ पार्लियामेंट 2026-27’ का आयोजन किया गया। इस वर्ष कार्यक्रम की मुख्य थीम ‘नशा मुक्त युवा’ रखी गई। कार्यक्रम में निर्मली विधायक अनिरुद्ध प्रसाद यादव ने शिरकत की। इस दौरान महाविद्यालय के कर्मियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की सहभागिता रही।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और नशामुक्त समाज के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना था। कार्यक्रम के दौरान नशे की बढ़ती प्रवृत्ति, युवाओं के भविष्य पर इसके दुष्प्रभाव तथा नशामुक्त भारत के संकल्प जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। इस अवसर पर विधायक अनिरुद्ध प्रसाद यादव ने युवाओं को नशे से दूर रहने और अपने जीवन को सकारात्मक दिशा देने का संदेश दिया। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने तथा समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने की अपील की।

वक्ताओं ने कहा कि युवा किसी भी देश की सबसे बड़ी ताकत होते हैं। देश और समाज के विकास में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। ऐसे में युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर अपनी ऊर्जा का उपयोग रचनात्मक कार्यों में करना चाहिए। युवाओं की जागरूकता और सामूहिक प्रयास से ही नशामुक्त समाज के लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

यूथ पार्लियामेंट के माध्यम से युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया की समझ विकसित करने, जनहित के मुद्दों पर विचार-विमर्श करने और नेतृत्व क्षमता को निखारने का अवसर मिलता है। इस तरह के आयोजन युवाओं को सामाजिक समस्याओं के प्रति संवेदनशील बनाने के साथ उनके समाधान में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए भी प्रेरित करते हैं।

कार्यक्रम में युवाओं को नशामुक्त जीवन अपनाने, अपने आसपास के लोगों को जागरूक करने और स्वस्थ, सशक्त एवं जिम्मेदार समाज के निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766080 Articles

Share this story