कैबिनेट के फैसले बिहार के विकास की नई दिशा तय करेंगे : नीरज शर्मा

WhatsApp Channel Join Now

पटना, 23 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवक्ता नीरज कुमार शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई कैबिनेट बैठक में 24 महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगना साबित करता है कि बिहार अब शिक्षा, कृषि, पशुपालन, कानून-व्यवस्था और औद्योगिक निवेश हर मोर्चे पर तेज गति से आगे बढ़ रहा है। यह फैसले कागजी घोषणा नहीं, बल्कि जमीन पर बदलाव लाने वाले ठोस कदम हैं।

भाजपा प्रवक्ता नीरज कुमार शर्मा ने प्रमुख निर्णयों का उल्लेख करते हुए कहा कि बेगूसराय में रामधारी सिंह दिनकर विश्वविद्यालय और पटना में माता सीता विश्वविद्यालय की स्थापना उच्च शिक्षा को गांव-गांव तक पहुंचाने और बेटियों को उच्च शिक्षा का नया केंद्र देने का ऐतिहासिक कदम है। रामधारी सिंह दिनकर की साहित्यिक-सांस्कृतिक विरासत को संस्थागत रूप मिलेगा, वहीं माता सीता विश्वविद्यालय महिला सशक्तिकरण को नई ऊंचाई देगा। दोनों विश्वविद्यालयों के लिए प्रारंभिक 15-15 करोड़ रुपये की स्वीकृति इसी दूरदर्शिता को दर्शाती है।

नवादा के वारिसलीगंज में नई चीनी मिल की मंजूरी से नवादा, नालंदा, शेखपुरा और जमुई के हजारों गन्ना किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। 500 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश से रोजगार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था दोनों मजबूत होंगे। मुख्यमंत्री गौधन विकास ऋण योजना के अंतर्गत पशुपालकों को गाय-भैंस खरीदने के लिए ब्याज मुक्त ऋण और कोसी क्षेत्र में 126 करोड़ रुपये के डेयरी विकास प्रस्ताव से दूध उत्पादन, प्रसंस्करण और किसानों की आय बढ़ेगी।

पुलिस आधुनिकीकरण के तहत 50 आधुनिक ड्रोन और 336.85 करोड़ रुपये के उपकरण उपस्कर की स्वीकृति कानून-व्यवस्था को और मजबूत करेगी। ये ड्रोन भीड़ प्रबंधन, नक्सल विरोधी अभियान, नदी किनारे के ऑपरेशन और आपदा प्रबंधन में काम आएंगे। पूर्व विद्युत बोर्ड कर्मचारियों के लिए 757.63 करोड़ रुपये की स्वीकृति सरकार की संवेदनशीलता का प्रमाण है। जल संसाधन विकास निगम के गठन और स्वास्थ्य संस्थानों में ई-सुश्रुत एनएक्स लागू करने से शासन अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनेगा।

भाजपा प्रवक्ता नीरज कुमार शर्मा ने कहा कि ये फैसले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की उस सोच का परिणाम हैं, जिसमें शिक्षा, किसान, पशुपालक, युवा और सुरक्षा सभी को साथ लेकर चलने का संकल्प है। सम्राट सरकार विकास को नारे नहीं, परिणाम बना रही है। भाजपा बिहार इन निर्णयों का स्वागत करती है और जनता से आग्रह करती है कि विकास की इस यात्रा में सरकार के साथ खड़ी रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

Share this story